फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

विकास के वादे के साथ शैफाली ने ली जिपं अध्यक्ष पद की शपथ

विज्ञापन
विज्ञापन
मुरादाबाद। पंचायत भवन में आयोजित भव्य समारोह में विकास के वादे के साथ नव निर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष डा. शैफाली सिंह ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। जिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह ने उन्हें शपथ ग्रहण कराई। इसके बाद सभी सदस्यों को भी शपथ ग्रहण कराई गई। शैफाली की कैबिनेट में 39 सदस्यों में से 22 महिला जिला पंचायत सदस्य हैं। महिला वर्चस्व वाली जिले की सरकार में महिलाओं के हित में योजनाएं और उनके विकास के लिए अधिक से अधिक कार्य कराने का वादा भी नई जिला पंचायत अध्यक्ष ने किया।
विज्ञापन

पंचायत भवन में शपथ गृहण समारोह निर्धारित समय पर सुबह 11 बजे शुरू हो गया था। जिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह ने 11.56 बजे जिला पंचायत अध्यक्ष डा. शैफाली सिंह को शपथ दिलाई। इसके बाद अध्यक्ष डा. शैफाली ने 10-10 के समूह में नवनिर्वाचित सदस्यों को शपथ ग्रहण कराई। सबसे पहले महिला सदस्यों का शपथ गृहण कराया गया। इसके बाद पुरुषों को शपथ दिलाई गई। समारोह की अध्यक्षता कर रहे पंचायती राज मंत्री भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि पिछले कुछ सालों में यहां जो जिला पंचायतों की छवि बनी है उसे सुधारना होगा। सबको साथ लेकर चलना होगा। मिलकर काम करना होगा। 90 फीसदी ग्राम सभाएं सरकारी अनुदान पर निर्भर हो गई हैं। उन्हें सरकार पर निर्भरता कम करके अपनी आय बढ़ाने के लिए अपनी टैक्स व्यवस्था बेहतर बनानी होगी। डॉ. शैफाली ने कहा कि वह सबकी उम्मीदों पर खरी उतरने की पूरी कोशिश करेंगी। जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी शिशुपाल सिंह ने बताया कि एक महिला सदस्य को छोड़ बाकी सभी की शपथ हो गई है।
जनप्रतिनिधियों का कोटा भी तय करें
एमएलसी जयपाल सिंह व्यस्त ने डॉ. शैफाली से कहा कि वे सभी अधिकारियों, सदस्यों, जिला पंचायत के स्टाफ से समन्वय बनाकर काम करें। उन्होंने कहा कि जिला पंचायत में विधायक, एमएलसी आदि जनप्रतिनिधि भी पदेन सदस्य होते हैं इसलिए गांवों के विकास कार्यों में उनका भी कोटा तय करें तो अच्छा होगा।
विज्ञापन

हमारे गांवों का भी ध्यान रखना
समारोह के दौरान सदर विधायक रितेश गुप्ता ने कहा कि जिले में निर्विरोध निर्वाचन होना बड़ी जीत है। ये प्रदेश सरकार के कार्यों का ही नतीजा है कि भाजपा को इतने बड़े पैमाने पर जनसमर्थन मिला है। उन्होंने अपनी विधान सभा के गांवों में भी विकास कार्य कराने के लिए अध्यक्ष से अनुरोध किया। कांठ विधायक राजेश चुन्नू ने भी अपनी विधानसभा के गांवों में विकास कार्यों को रफ्तार देने की मांग की। उन्होंने कहा कि सबका साथ सबका विकास ही सरकार की प्राथमिकता है, इसी तर्ज पर जिला पंचायत अध्यक्ष कार्य करें ।
इन सदस्यों ने ली शपथ
कंचन रानी, रिंकी सैनी, प्रमोद कुमार, दिनेश कुमार, नसरीन फातमा, तबस्सुम चौधरी, अंबर सईद, मुनजरीन, मुमताज चौधरी, रईसउद्दीन, कुमारी शानू, नाजिम अली, तरन्नुम जहां, नौरत्न सिंह, विनोद सैनी, रंजीत, शशिबाला, राबुल पाशा, अमरीन जहां, रहीसुद्दीन, मौ. नवेद, महजबीन बेगम, वीरवती, बबीता, संतोष कुमारी, गीता देवी, मंजू देवी, मनवीर सिंह, जयप्रकाश, संतोष देवी, मोहम्मद शमी, अजयवीर यादव, शीला देवी, रीना कुमारी, नजाकत, महंत सुंदर गिरि, रुखसाना परवीन, भूरी।
बसपा समर्थित मंजू चौधरी नहीं पहुंची
जिला पंचायत के बिलारी ब्लॉक क्षेत्र के वार्ड 28 से चुनाव जीती बसपा समर्थित प्रत्याशी मंजू देवी शपथ गृहण समारोह में शामिल नहीं हुई। मंजू देवी पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष भी रह चुकी हैं। जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी शिशुपाल सिंह ने बताया कि उन्हें बाद में शपथ दिला दी जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें