मुरादाबाद। नौवीं वाहिनी पीएसी में तैनात माली की रविवार की रात जिला अस्पताल में मौत हो गई। वह पत्नी की बीमारी से सदमे में थे। उन्होंने खाना पीना भी बंद कर दिया था। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
सिविल लाइंस थानाक्षेत्र के झांझनपुर हरथला निवासी शेर सिंह पीएसी में माली के पद पर तैनात थे। शेर सिंह के परिवार में पत्नी लीलावती, चार बेटे लेखराज सैनी, टेकचंद सैनी, भारत और रवि तथा एक बेटी आशा है। परिवार के लोगों ने बताया कि शेर सिंह की पत्नी लीलावती पांच दिन से जिला अस्पताल में भर्ती है। पत्नी के भर्ती होने के बाद से ही शेर सिंह ने खाना पीना छोड़ दिया था। जिससे रविवार रात उनकी तबियत बिगड़ गई थी। परिजन उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।