मुरादाबाद। कटघर थाना क्षेत्र में सोमवार रात लॉक डाउन का पालन कराने गई पुलिस टीम के साथ मारपीट की गई। पुलिस कर्मियों ने एक आरोपी को पकड़ लिया, जबकि उसका भाई मौके से भाग गया। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
कटघर थाने की दस सराय पुलिस चौकी के प्रभारी मयंक गोयल दो सिपाहियों के साथ सोमवार रात कोहिनूर तिराहे पर लॉक डाउन का पालन करा रहे थे। इसी दौरान स्कूटी सवार युवक आ गया। पुलिस का दावा है कि युवक ने मास्क नहीं लगा रखा था। पुलिस कर्मियों के टोकने पर युवक अभद्रता करने लगा। आरोप है कि युवक ने दरोगा का कॉलर पकड़ लिया और मारपीट की। इसी दौरान स्कूटी सवार युवक का भाई भी आ गया। दोनों भाइयों ने पुलिस कर्मियों के साथ भी मारपीट की। इसी बीच आरोपी वसीम निवासी कोहिनूर तिराहा मौके से भाग गया, जबकि उसके भाई अजीम को पुलिस ने पकड़ लिया। कटघर थाना प्रभारी कटघर गजेंद्र सिंह ने बताया कि चौकी प्रभारी की तहरीर पर दोनों भाइयों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, सरकारी पिस्टल छीनने की कोशिश व महामारी एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। दूसरे आरोपी की तलाश की जा रही है।