मुरादाबाद। लूट के खुलासे पर सवाल उठाकर एसएसपी से शिकायत करने वाले वादी से दरोगा ने 5600 रुपये लेकर मामला रफारफा करने को कहा है। शिकायतकर्ता ने कहा कि पुलिस ने आरोपी बदमाश पकड़े, लेकिन उनकी पीड़ित महिलाओं से पहचान नहीं कराई। शिकायतकर्ता का आरोप है कि लूट का सामान खरीदने वाले सराफ को भी बिना कार्रवाई ही छोड़ दिया गया है।
मझोला के बुद्धि विहार निवासी राजेश शर्मा ने बताया कि 12 सितंबर की सुबह करीब साढ़े छह बजे उनकी पत्नी रचना शर्मा और सहेली मधु वर्मा से बदमाशों ने सोने की चेन और अंगूूठी लूट ली थी। घटना के समय दोनों महिलाएं मॉर्निंग वॉक पर निकली थीं। बदमाशों ने तमंचे के बल पर इस वारदात को अंजाम दिया था।
पुलिस लाइन में ग्यारह नवंबर को तत्कालीन एसपी सिटी अमित आनंद ने घटना का खुलासा किया था, जिसमें दावा किया गया था कि सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की मदद से मझोला के गांगन वाली मैनाठेर निवासी आजाद अहमद और पाकबड़ा थानाक्षेत्र के करनपुर निवासी सजर को गिरफ्तार किया गया है। दोनों बदमाशों ने अन्य घटनाओं के साथ ही 12 सितंबर सुबह करीब छह बजे बुद्धि विहार में एमजीआर के पास रचना शर्मा और मधु वर्मा से सोने की चेन, अंगूठी लूटने की घटना कबूली है। रचना के पति राजेश शर्मा ने बताया कि पुलिस ने बदमाशों की उनकी पत्नी से न तो पहचान कराई और न ही उन्हें बताया गया कि बदमाश पकड़े गए हैं।
पुलिस ने चेन और अंगूठी भी बरामद नहीं की है, जबकि बदमाशों की निशानदेही पर पुलिस ने उस सराफ को भी उठाया था, जिसे जेवर बेचे गए थे। पूछताछ के बाद उसे भी छोड़ दिया था। राजेश का कहना है कि उन्होंने इस मामले की शिकायत एसएसपी से की थी। इसके बाद से दरोगा दबाब बना रहे हैं कि 5600 रुपये लेकर मामला रफादफा करें और इस मामले की शिकायत बार बार अफसरों से न करें।
आरोपी बदमाशों ने पूछताछ में घटना करनी कबूल की थी। सीसीटीवी कैमरों में भी बदमाशों की तस्वीरें देखी गई हैं। जेवर बदमाश बेच चुके थे। चेन और अंगूठी बरामद नहीं हुई थी। रुपये बरामद हुए थे। मैंने वादी से कभी नहीं कहा कि वह 5600 रुपये लेकर मामला रफादफा कर दें।
संजीव राठी, सब इंस्पेक्टर
काफी प्रयास के बाद भी कुछ घटनाओं के खुलासों में सामान बरामद नहीं हो पाता है। इसका ये मतलब नहीं की खुलासा गलत हुआ है। अगर दरोगा ने 5600 रुपये देकर मामला रफादफा करने को बोला तो इस मामले की जांच करा ली जाएगी।
अखिलेश भदौरिया, पुलिस अधीक्षक नगर