जिले में मौसम का मिजाज बदला बदला हुआ रहा। सुबह और रात को शीतलहर चलने से ठंड रही। आसमान में बादल छा गए। दिनभर में रुक- रुककर बूंदाबांदी हुई। इससे फसलों पर दुष्प्रभाव पड़ा। मटर की फसल बुरी तरह से प्रभावित हो गई, जिससे किसानों के चेहरे मायूस हो गए।
मौसम निरंतर करवट ले रहा है। बुधवार को तेज धूप के बाद गुरुवार को दिनभर आसमान में काले काले बादल छा गए। बूंदाबांदी हो गई, जिससे मौसम पूरी तरह से बदल गया। पूरे दिन रुक-रुक बरसात होती रही। कभी धूप कभी बादलों के बीच मौसम में हुए इस बदलाव के बाद ठंड बढ़ गई।
हवा की वजह से ठिठुरन और हो गई। सर्दी की वजह से लोग सिर्फ जरूरी कामकाज से ही घरों से बाहर निकले, जिससे बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा। वहीं, बरसात की वजह से मटर आदि की खेती पर दुष्प्रभाव पड़ा। इससे किसानों के चेहरों पर मायूसी छा गई।