बिलारी तहसील क्षेत्र में 34 गेहूं क्रय केंद्र स्थापित हैं। लेकिन किसी पर गेहूं खरीद शुरू नहीं हो सकी है। साथ ही नगर स्थित गन्ना समिति में स्वीकृत किए गए खाद्य विभाग के सरकारी गोदाम और कक्ष पर लगी सील नहीं खुलने से 13 दिन बाद भी गेहूं क्रय केंद्र चालू नहीं हो सका है।
बिलारी के विपणन विभाग के अनुसार, बिलारी ब्लॉक में 12 और कुंदरकी में 22 गेहूं क्रय केंद्र बनाए गए हैं। बिलारी नगर में सहकारी गन्ना विकास समिति का गोदाम, साधन सहकारी समिति अबूूपुरा खुर्द, किसान सेवा सहकारी समिति सनाई रोजा, साधन सहकारी समिति पीपली चक, ग्राम हमजापुर, साधन सहकारी समिति स्योंडारा, सहकारी संघ पलथा मिठनपुर शामिल हैं। प्रादेशिक सहकारी संघ के लिए ग्राम नगला नस्सू, ग्राम डांडा दम्बूनगला, ग्राम तारापुर और ग्राम नसीरपुर में भी गेहूं खरीद केंद्र खोलने के लिए स्वीकृति मिली है।
बिलारी तहसील के कुंदरकी ब्लॉक क्षेत्र में जिन स्थानों पर सरकारी गेहूं क्रय केंद्र खोले जाने के लिए स्वीकृति मिली है, उनमें कुंदरकी नगर पंचायत, अहमदनगर जैतबाड़ा, सहकारी समिति बहादरपुर राजपूत, सहकारी समिति मलीपुर महमूदा नगला शामिल हैं। इसके अलावा प्रादेशिक सहकारी संघ की ओर से जिन ग्रामों में क्रय केंद्र खोले जाने की स्वीकृति मिली है, उनमें ग्राम तख्तपुर अल्ला, ईसापुर, कमालपुर, मैनाठेर, हाथीपुर, मिलक कठैर, अल्लापुर भीकन, डोमघर, सुल्तानपुर, रसूलपुर हमीर, नौसना शेखूपुर, उदयपुर चंदन, मझोली और ललवारा शामिल हैं।
बिलारी के क्षेत्रीय विपणन अधिकारी राजेश प्रताप सिंह का दावा है कि सुविधाएं पूरी होने पर स्वीकृत स्थानों पर अधिकतर गेहूं क्रय केंद्र चालू कर दिए गए हैं। उधर भारतीय किसान यूनियन के बिलारी तहसील अध्यक्ष रनवीर सिंह यादव का कहना है कि बिलारी क्षेत्र के गेहूं क्रय केंद्र पर अभी व्यवस्थाएं नाकाफी हैं और नियमित तौल भी शुरू नहीं हो पा रही है। नगर बिलारी की सहकारी गन्ना समिति के गोदाम पर खाद्य विभाग का गेहूं क्रय केंद्र स्वीकृत किया गया है। खाद्य विभाग द्वारा कई वर्षों का पुराना किराया अदा न करने की वजह से यहां के गोदाम और कक्ष पर ताला लगा होने के अलावा गन्ना समिति की सील भी लगी हुई है। इसी वजह से 13 दिन बीत जाने के बाद भी यहां गेहूं की खरीद शुरू नहीं हुई है।
बुधवार को इस गेहूं क्रय केंद्र के प्रभारी मनोज कुमार शुक्ला अधीनस्थ स्टाफ के साथ केंद्र पर तो आए लेकिन कक्ष और गोदाम पर ताला लटका होने की वजह से कई घंटे निकट में स्थित एक पेड़ के नीचे बैठकर चले गए। क्रय केंद्र प्रभारी ने बताया कि गन्ना समिति की ओर से गोदाम पर ताला लगा होने की स्थिति से उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। जिलाधिकारी ने ताला खुलवाकर क्रय केंद्र चालू कराने के आदेश जारी कर दिए हैं। दो दिन बाद इस क्रय केंद्र पर गेहूं की नियमित खरीद शुरू हो जाएगी।