मुरादाबाद। इलाहाबाद हाईकोर्ट की ओर से स्टेनोग्राफर ग्रुप सी, ग्रुप डी एवं ड्राइवर पदों के लिए हुई परीक्षा में आसान सवालों को देखकर अभ्यर्थियों के चेहरे खिल गए। अभ्यर्थियों का कहना था कि नकारात्मक अंकन न होने की वजह से पूरा प्रश्नपत्र हल किया है। परीक्षा के बाद अभ्यर्थी एक-दूसरे से पेपर के बारे में पूछते नजर आए। दोनों पालियों में 12131 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी।
दूसरे दिन रविवार को भी शहर में 23 केंद्रों पर परीक्षा का आयोजन किया गया। दो पालियों में पहली पाली में सुबह 10:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली में दोपहर तीन बजे से शाम 4:30 बजे तक परीक्षा हुई। पहली पाली में 3348 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें से 3050 अभ्यर्थी परीक्षा देने आए, जबकि 298 अनुपस्थित रहे। वहीं, दूसरी पाली में 11256 में से 9081 अभ्यर्थी उपस्थित थे और 2175 अभ्यर्थी परीक्षा देने नहीं आए।
अभ्यर्थियों ने बताया कि परीक्षा में विश्व पर्यावरण दिवस कब मनाया जाता है, भारतीय संविधान के जनक कौन थे, भारत का राष्ट्रीय पशु और पक्षी काैन है, विश्व का सबसे तेज दौड़ने वाला स्थलीय पशु कौन सा है, भारत के मिसाइल मैन के रूप में किसे जाना जाता है, पेरिस ओलंपिक्स 2024 में अयोग्य घोषित होने के बाद किस भारतीय पहलवान ने सेवानिवृत्त होने की घोषणा की और सुशासन दिवस किन के जन्मदिवस की याद में मनाया जाता है, आदि सवाल पूछे गए थे।