कांठ। इस बार सोमवार को नगर में साप्ताहिक बाजार नहीं लगेगा। इसके लिए नगर पंचायत प्रशासन ने नगर में एनाउंसमेंट कराया है। साथ ही दुकानदारों से सड़कों पर अतिक्रमण नहीं करने की अपील की है।
शनिवार को कांठ थाने में एसडीएम संत दास पंवार ने नगर पंचायत प्रशासन और व्यापारियों के साथ बैठक करते हुए कहा कि इस बार 14 अप्रैल सोमवार को बाबा साहेब डॉ. भीमराव आम्बेडकर की जयंती होने के कारण नगर में शोभायात्रा निकालेगी। जिस कारण अबकी बार नगर में साप्ताहिक बाजार नहीं लगाया जाए। उन्होंने कहा कि यदि किसी ने जबरन बाजार लगाने की कोशिश की तो उसके खिलाफ कार्रवाई करते हुए सामान जब्त किया जाएगा। बैठक में नगर पंचायत ईओ प्रियंका, प्रभारी निरीक्षक विजेंद्र सिंह, उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश संगठन मंत्री व नगराध्यक्ष निरूपम विश्नोई, प्रमोद विश्नोई, जीतू वर्मा, विकास शर्मा आदि रहे। वहीं दूसरी ओर बाजार न लगाने के संबंध में नगर पंचायत प्रशासन ने एनाउंसमेंट भी करवाया है। दोनों से सड़कों पर अतिक्रमण नहीं करने के लिए कहा है। साथ ही साफ तौर पर चेतावनी दी है कि यदि अतिक्रमण किया गया तो सामान जब्त करने के साथ ही जुर्माना भी लगाया जाएगा। वहीं दूसरी ओर एसडीएम ने सोमवार को नगर में अतिक्रमण हटाओ अभियान भी चलाने के निर्देश नगर पंचायत प्रशासन को दिए हैं।