फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दिवाली 2026: धनतेरस के दिन पीतल नगरी पर बरसेगा धन, 780 करोड़ के कारोबार की उम्मीद, बाजारों में भारी राैनक

Thu, 05 Nov 2026 02:47 AM IST
मुरादाबाद ब्यूरो अमर उजाला नेटवर्क, मुरादाबाद

सार

धनतेरस पर मुरादाबाद के बाजारों में रौनक के साथ छह प्रमुख कारोबारों से 780 करोड़ रुपये की बिक्री का अनुमान है। ऑटोमोबाइल सेक्टर 250 करोड़ के साथ सबसे आगे रहेगा। इस बार चांदी के सिक्कों, हल्के आभूषणों, पीतल-स्टील के बर्तनों और पूजा सामग्री की मांग अधिक है।
विज्ञापन
मुरादाबाद में दिवाली पर बाजार में राैनक - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

धनतेरस पर बर्तन बाजार, गंज बाजार, मंडी चौक, बुध बाजार समेत अन्य बाजारों में सिर्फ रौनक ही नहीं, बल्कि करोड़ों रुपये का कारोबार भी होने की उम्मीद है। छह प्रमुख कारोबारों से करीब 780 करोड़ रुपये के कारोबार का अनुमान है। धनतेरस पर कहीं नई कारों और बाइकों की चाबियां ग्राहकों को सौंपी जाएंगी तो कहीं चांदी के सिक्कों, लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियों और पीतल के बर्तनों की खनक सुनाई देगी।

विज्ञापन
Trending Videos

मुरादाबाद में दिवाली पर बाजार में राैनक - फोटो : संवाद
कपड़ों से लेकर मिठाई और सूखे मेवों तक बाजार में खरीदारी का उत्साह है। कारोबार के लिहाज से ऑटोमोबाइल सेक्टर सबसे आगे रहने वाला है। यहां अकेले 250 करोड़ रुपये के कारोबार का अनुमान है। वहीं, सराफा बाजार में 150 करोड़ और बर्तन बाजार में 110 करोड़ रुपये की बिक्री होने की उम्मीद है। इस बार धनतेरस की खरीदारी में ग्राहकों की पसंद भी बदली नजर आ रही है।

मुरादाबाद में दिवाली पर बाजार में राैनक - फोटो : संवाद
सराफा बाजार में भारी आभूषणों के बजाय कम वजन वाले चांदी के सिक्कों और सजावटी सामान की मांग है। बर्तन बाजार में पीतल, स्टील और एल्युमीनियम के बर्तनों के साथ पूजा की थालियां, दीपक और मूर्तियां ग्राहकों को आकर्षित कर रही हैं। वाहन एजेंसियों में पहले से बुकिंग हो रही है। कारोबारियों ने भी ग्राहकों की पसंद और बजट को देखते हुए दुकानों और शोरूम में पर्याप्त स्टॉक तैयार किया है।

मुरादाबाद में दिवाली पर बाजार में राैनक - फोटो : संवाद
वाहन बाजार पर होगी सबसे बड़ी धनवर्षा, 250 करोड़ का कारोबार
धनतेरस पर वाहन खरीदने की परंपरा का असर ऑटोमोबाइल बाजार में सबसे ज्यादा दिखाई देगा। मुरादाबाद में कार, बाइक और अन्य दोपहिया वाहनों की बिक्री से करीब 250 करोड़ रुपये का कारोबार होने का अनुमान है। वाहन एजेंसियों पर ग्राहकों की बुकिंग जारी है। आरटीओ (प्रशासन) राजेश सिंह के अनुसार, धनतेरस पर एक हजार से अधिक कार और चार हजार से अधिक बाइक बिकने की उम्मीद है। इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों की मांग भी बढ़ी है। खासकर महिलाएं ई-बाइक खरीदने में रुचि दिखा रही हैं। करीब 450 ई-बाइक की बुकिंग हो चुकी है।

मुरादाबाद में दिवाली पर बाजार में राैनक - फोटो : संवाद
भारी गहनों से ज्यादा चांदी के सिक्कों और मूर्तियों की चमक
गंज बाजार, मंडी चौक समेत अन्य स्थानों पर स्थित सराफा बाजार में इस बार खरीदारी का ट्रेंड बदला हुआ है। महंगे और भारी आभूषणों के बजाय ग्राहक कम वजन वाले चांदी के सामान को प्राथमिकता दे रहे हैं। 25 ग्राम की लक्ष्मी-गणेश की चांदी की मूर्ति करीब पांच हजार रुपये में उपलब्ध हैं। इसके अलावा पांच और 10 ग्राम के चांदी के सिक्कों की मांग है। 10 ग्राम का सिक्का करीब 2100 रुपये में बिक रहा है।

पांच ग्राम की मछली 1200 रुपये, 25 ग्राम का हाथी पांच हजार रुपये और 10 ग्राम का कछुआ करीब दो हजार रुपये में उपलब्ध है। मंडी चौक के सराफा कारोबारी प्रदीप रस्तोगी ने बताया कि धनतेरस को लेकर ग्राहक अभी से बाजार पहुंच रहे हैं। जिस तरह शुरुआती खरीदारी हो रही है, उससे धनतेरस के दिन बिक्री पांच से 10 गुना तक बढ़ने की उम्मीद है। ग्राहकों की अच्छी भीड़ रही तो सराफा बाजार में करीब 150 करोड़ रुपये का कारोबार हो सकता है।

मुरादाबाद में दिवाली पर बाजार में राैनक - फोटो : संवाद
पीतल, स्टील और एल्युमीनियम के बर्तनों से 110 करोड़ का कारोबार
धनतेरस से पहले बर्तन कारोबारियों ने थोक में माल की बिक्री पूरी कर ली है। अब दुकानदारों की नजर खुदरा ग्राहकों पर है। पीतल, स्टील और एल्युमीनियम के बर्तनों के साथ पूजा में इस्तेमाल होने वाले सामान से दुकानें सजाई गई हैं। बर्तन कारोबारी मनोज अग्रवाल ने बताया कि धनतेरस के लिए थोक में बिक्री हो चुकी है। दूसरे शहरों के व्यापारियों को माल भेज दिया गया है।

अब स्थानीय बाजार में खुदरा बिक्री की तैयारी है। उन्होंने बताया कि धनतेरस पर बर्तन बाजार में इस बार करीब 110 करोड़ रुपये के कारोबार का अनुमान है। वहीं, इलेक्ट्रॉनिक्स कारोबारी आदित्य गोयल ने बताया कि ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए खरीदारी पर उपहार दिए जा रहे हैं। बाजार में बिक्री के रुझान को देखते हुए इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में करीब 80 करोड़ रुपये के कारोबार का अनुमान है।

मुरादाबाद में दिवाली पर बाजार में राैनक - फोटो : संवाद
नए कपड़ों के साथ मिठाई और मेवों पर भी खर्च होंगे 190 करोड़
धनतेरस पर खरीदारी के साथ नए कपड़े पहनने और घरों में मिठाइयां पहुंचाने की परंपरा भी बाजार को रफ्तार दे रही है। संयुक्त व्यापार मंडल उत्तर प्रदेश के वरिष्ठ उपाध्यक्ष दीपक कत्याल ने बताया कि धनतेरस की खरीदारी के लिए ग्राहक बाजारों में पहुंचने लगे हैं। कपड़ों की दुकानों पर भीड़ बढ़ रही है। उन्होंने बताया कि कपड़ा कारोबारियों को इस बार करीब 100 करोड़ रुपये की बिक्री की उम्मीद है। वहीं, मिठाई और सूखे मेवों के कारोबार में करीब 90 करोड़ रुपये की बिक्री का अनुमान है। कारोबारी सुप्रीत खन्ना ने बताया कि त्योहार पर घरों के लिए मिठाइयां खरीदने और रिश्तेदारों को उपहार देने के लिए सूखे मेवों की खरीदारी भी की जा रही है। ड्राई फ्रूट्स की बिक्री भी बढ़ी हुई है।
 
विज्ञापन

मुरादाबाद में त्योहार के अवसर पर तैनात पुलिस - फोटो : संवाद

धनतेरस पर अनुमानित कारोबार

कारोबार

अनुमानित बिक्री

ऑटोमोबाइल

250 करोड़ रुपये

सराफा

150 करोड़ रुपये

बर्तन

110 करोड़ रुपये

कपड़ा

100 करोड़ रुपये

मिठाई और सूखे मेवे

90 करोड़ रुपये

इलेक्ट्रॉनिक्स

80 करोड़ रुपये

कुल

780 करोड़ रुपये

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें