मुरादाबाद। पुरानी पेंशन, बकाया वेतन समेत चार सूत्रीय मांगों को लेकर शिक्षक नेताओं ने गुरुवार को जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय पर धरना प्रदर्शन किया। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के सदस्य विमलेंद्र विमल ने कहा कि पुरानी पेंशन कर्मचारियों का हक है। संघर्षों के दम पर इसको लेकर रहेंगे। पुरानी पेंशन कर्मचारियों के बुढ़ापे का सहारा है, इसे जल्द से जल्द बहाल किया जाय।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के स्ववित्तपोषित विद्यालयों में कार्यरत वित्तविहीन शिक्षकों की सेवा सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए वित्तविहीन सेवा नियमावली बनाई जाए। शिक्षकों को सम्मानजनक मानदेय देने की व्यवस्था की जाए। प्रदेश के सभी शिक्षकों को विनियमित करते हुए बकाया वेतन का भुगतान किया जाए। उत्तर प्रदेश के अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों को चिकित्सा भत्ता भी दिया जाए। मंडल संगठन मंत्री जेपी सिंह ने कहा कि अभी तक उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन का पारिश्रमिक निर्गत नहीं किया गया है। इसके साथ ही शिक्षकों के स्वीकृत जीएफ का भुगतान नहीं किया जा रहा है। मंडल अध्यक्ष हरिशंकर भारतीय ने कहा कि ऑनलाइन हाजिरी व्यवस्था तुरंत बंद किया जाए। धरने का नेतृत्व मंडल संयोजक वीर सिंह और संचालन जिला मंत्री शमशाद हुसैन ने किया। इस मौके पर मंडल अध्यक्ष हरिशंकर भारतीय, पूर्व जिला अध्यक्ष अभय गुप्ता, पूर्व जिला अध्यक्ष गिरिराज किशोर, नसीम हुसैन, जिला संगठन मंत्री नरेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।