पाकबड़ा (मुरादाबाद)। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर उन आतंकियों को करारा जवाब है, जिन्होंने हमारी मां-बहनों का सुहाग उजाड़ा। अब इन दरिंदों से बदला लिया गया है और यह जारी रहेगा। सेना के शाैर्य को सलाम है। पाकिस्तानी जालिमों के जुर्म की जागीरदारी को जमींदोज करना भारत ही नहीं, पूरी मानवता की सुरक्षा का धर्मयुद्ध है।
शनिवार को दिल्ली रोड स्थित एक होटल में मीडिया से बात करते हुए नकवी ने कहा कि पाकिस्तान अब आतंकवाद का राष्ट्रीय उत्पादक बन गया है। वहां आतंकवाद एक फैक्टरी की तरह चल रहा है, जिसे मोदी सरकार ने नष्ट करने का बीड़ा उठाया है। ऑपरेशन सिंदूर उसी संकल्प का हिस्सा है। पाकिस्तान आतंक के अखाड़े में आटे की आफत झेल रहा है और अब उसकी माली हालत भी बदतर हो चुकी है।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि पाकिस्तान का राष्ट्रीय उद्योग अब दहशतगर्दी बन चुका है। आतंकवादी उसके राष्ट्रीय जानवर बन गए हैं। वहां हैवानियत को इस्लाम का लिबास पहनाकर पेश किया जा रहा है, जो इस्लाम और इंसानियत दोनों का दुश्मन है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दृढ़ और दूरदर्शी नेतृत्व में भारत आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ रहा है। देशवासियों को अब अपनी सुरक्षा को लेकर भरोसा है और आतंक के आकाओं में डर पैदा हो चुका है। पाकिस्तान की आतंक फैक्टरी को खत्म करने का संदेश अब दुनिया को भी मिल चुका है