बिलारी। सहसपुर गांव में हाईवे के पश्चिमी किनारे पर लगातार जलभराव से दुकानदार और ग्रामीण दोनों परेशान हैं। शनिवार सुबह बारिश होने से जलभराव ने बड़ा रूप ले लिया। परेशान ग्रामीणों ने तहसील पहुंचकर एसडीएम को ज्ञापन दिया। बसपा कार्यकर्ताओं ने ज्ञापन में समस्या का शीघ्र समाधान न होने पर आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी। इस मामले में एसडीएम ने बीडीओ को जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराने के निर्देश दिए।
मुरादाबाद से आगरा जाने वाला राष्ट्रीय राजमार्ग क्षेत्र के सहसपुर गांव की आबादी के बीच होकर जा रहा है। इस राजमार्ग के दोनों ओर आबादी के पानी की निकासी के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा नाला बनाया गया है। हाईवे प्राधिकरण द्वारा इस नाले की लंबे समय से सफाई न करने से नाला मलबे से पट गया है। ऐसी स्थिति में आसपास की आबादी के पानी की नाले से निकासी नहीं हो पा रही है और संबंधित इलाके का पानी नेशनल हाईवे के पश्चिमी किनारे पर भरा है।
शनिवार सुबह जब तेज बारिश हुई तब हाईवे का पूरा पश्चिमी किनारा बारिश और आबादी के पानी में डूब गया। संबंधित इलाके के लोगों को अपने घरों से हाईवे तक जाने और सामान खरीदने निकट की दुकानों पर जाने में भारी असुविधा हुई। सहसपुर के मोहल्ला सिद्धार्थनगर और जाटव बस्ती के लोगों ने पहले तो जलभराव वाले इलाके पर पहुंचकर प्रदर्शन किया। बाद में बसपा नेता डाॅ. चरन सिंह के नेतृत्व में तहसील मुख्यालय पहुंचे ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर एसडीएम को ज्ञापन दिया।
उधर ग्राम पंचायत सहसपुर के प्रधान प्रतिनिधि मोहम्मद सलीम अंसारी के साथ शनिवार दोपहर अनेक ग्रामीण एसडीएम और बीडीओ से मिले तथा मांगों का ज्ञापन दिया। प्रधान प्रतिनिधि का कहना था कि हाईवे के पूरब की ओर ग्राम पंचायत का अलग से नाला बना हुआ है जबकि पश्चिम की ओर केवल हाईवे प्राधिकरण का ही नाला है। एसडीएम विनय कुमार सिंह ने बीडीओ को निर्देश दिए कि मौके पर जांच कर जलभराव की समस्या दूर कराएं। बीडीओ नरेशपाल सिंह ने एडीओ पंचायत को निर्देश दिए कि सफाई कर्मियों की टीम गठित कर सफाई कराकर जलभराव को दूर किया जाए। एडीओ पंचायत शकील अहमद ने सहसपुर के ग्राम पंचायत अधिकारी को निर्देश दिए कि मौके की जांच रिपोर्ट बनाकर भेजी जाए तथा सफाई कर्मियों के कई समूह को मौके पर लगाकर नाले से जल निकासी कराते हुए समस्या का स्थायी समाधान कराया जाए।