कांठ। बुधवार की सुबह शुरू हुई झमाझम बारिश पूरा दिन होती रही। जिससे जहां इस बारिश से मौसम सुहाना हो गया तो वहीं धान और गन्ने की फसलों को भी बारिश लाभकारी बताई जा रही है। रुक-रुक होती रही रिमझिम बारिश से तापमान नीचे आ जाने से लोगों ने चुभन वाली गर्मी व उमस से बड़ी राहत महसूस की है।
इधर बुधवार को हुई इस बारिश से कांठ नगर व क्षेत्र में जगह-जगह जलभराव होने से लोगों को आने जाने में परेशानी का सामना करना पड़ा। कांठ क्षेत्र के रहने वाले मोहित चौधरी, दिनेश कुमार, राजपाल सिंह, रोहित चौधरी, जाकिर हुसैन, विवेक, जितेंद्र सिंह, रविंद्र कुमार आदि किसानों का कहना है कि इस बारिश से खेतों के साथ ही फसलों को भी लाभ है। वहीं दूसरी ओर बुधवार को पूरा दिन बारिश होने से बाजारों में और दिनों जैसी भीड़-भाड़ न रहने से रौनक कम रही।
नगर में थाना चौराहा के पास कांठ-अमरोहा रोड पर पड़ने वाले रेलवे क्रॉसिंग 433-बी के पास सड़क में काफी गड्ढे होने से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस समय बारिश के कारण गड्ढों में पानी भरने से ई-रिक्शा चालकों सहित दो पहिया वाहन चालकों को भी परेशानी हो रही है।
रेलवे क्रॉसिंग के दोनों ओर ही सड़क में गड्ढे होने के कारण यहां ई-रिक्शा भी पलट रहे हैं। इस मार्ग से होकर ही लोग दिल्ली, नोएडा, अमरोहा, गाजियाबाद, मेरठ, मुजफ्फरनगर को लोग आते-जाते हैं। स्थानीय स्तर पर भी इस मार्ग से तमाम गांवों को जाया जाता है। नीरज बिश्नोई, राजीव बिश्नोई, ओमकार सिंह, मोहम्मद उस्मान, अजय कुमार आदि लोगों ने गड्ढों को भरवाने की मांग की है। एसडीएम कांठ स्निग्धा चतुर्वेदी का कहना है कि समस्या के समाधान के लिए संबंधित विभाग को पत्र लिखा जाएगा।