कांठ। ब्लॉक छजलैट क्षेत्र के गांव चांदखेड़ी में प्राथमिक विद्यालय के सामने बने ईंटों के खड़ंजे रास्ते में जलभराव और कीचड़ की समस्या बनी हुई है। रास्ते में भरे पानी और कीचड़ के कारण स्कूली बच्चों तथा ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन जिम्मेदारों की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि विद्यालय के सामने रास्ते पर पानी भरा हुआ है, जिससे मार्ग कीचड़ में तब्दील हो गया है। ऐसे में स्कूल आने-जाने वाले छोटे बच्चों को काफी दिक्कत उठानी पड़ रही है। कई बार बच्चे फिसलकर गिर भी चुके हैं। वहीं ग्रामीणों को भी इसी रास्ते से होकर गुजरना पड़ता है। बुधवार को गांव निवासी हेमेंद्र कुमार ने बताया कि समस्या काफी समय से बनी हुई है, लेकिन अभी तक समाधान नहीं कराया गया। ग्राम प्रधान तरुण कुमार ने कहा कि स्कूल के सामने स्थित तालाब का पानी बारिश होने पर बाहर आ जाता है, पिछले दिनों बारिश हुई तो पानी भर गया। इसकी व्यवस्था कराई जाएगी।