मुरादाबाद। लाइनपार क्षेत्र में चौधरी चरण सिंह चौक से लेकर कैल्टन स्कूल तक सीएम ग्रिड योजना के तहत चल रहा निर्माण कार्य स्थानीय लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गया है। योजना के तहत नालों की खुदाई और भूमिगत सुविधाएं विकसित करने के लिए सड़कों पर जगह-जगह खुदाई की गई है। इसका सीधा असर आसपास की कॉलोनियों की जलापूर्ति व्यवस्था पर पड़ा है। राम तलैया कॉलोनी, जयंतीपुर, सूर्यनगर, हनुमान नगर और चाऊ की बस्ती के लोग पिछले कई दिनों से कम दबाव, गंदे पानी और आपूर्ति बाधित होने की समस्या से जूझ रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि खुदाई के बाद से पानी का प्रेशर लगातार घट गया है। नलों से इतना कम दबाव में पानी आ रहा है कि बिना मोटर चलाए टंकी भरना संभव नहीं रह गया है। जिन घरों में मोटर की व्यवस्था नहीं है वहां पीने और घरेलू उपयोग के लिए पानी जुटाना मुश्किल हो गया है। लोगों का आरोप है कि पिछले दस दिनों में तीन बार पानी की आपूर्ति पाइपलाइन फटने से बाधित हुई है। कई इलाकों में गंदे और बदबूदार पानी की भी आपूर्ति हुई है।
स्थानीय निवासी देशराज शर्मा, अंकुश अग्रवाल, वीरेंद्र सैनी आदि का कहना है कि पानी कभी पीला तो कभी मटमैला आ रहा है। नलों से जो पानी आ रहा है उसे सीधे पीना स्वास्थ्य के लिए खतरनाक साबित हो सकता है। समस्या आने पर जलकल विभाग के कर्मचारियों को शिकायत की गई। कर्मचारियों को मौके पर पहुंचने के बाद लीकेज ढूंढने में मशक्कत करनी पड़ती है। राम तलैया कॉलोनी के विपिन और सागर सैनी का कहना है कि लाइनपार में जो पाइपलाइन पड़ी हुई है वह 20-25 साल पुरानी लाइन है। करीब सात से आठ फिट की गहराई में यह पाइपलाइन है। इसमें लीकेज या अन्य खराबी आने पर मरम्मत कार्य पूरा होने में काफी समय लगता है।
00
- क्या बोले स्थानीय लोग
- कई जगह खुदी हुई सड़कों और खुले गड्ढों के कारण पाइप लाइनों पर अतिरिक्त दबाव पड़ रहा है। लाइनें 20 से 25 साल पुरानी हैं और वह बार-बार क्षतिग्रस्त हो रही हैं। लाइनपार क्षेत्र में पाइपलाइन नए सिरे से बिछाए जाने और अतिरिक्त ओवरहेड टैंक बनाए जाने चाहिए। - देशराज शर्मा, अध्यक्ष, लाइनपार संघर्ष समिति
- पिछले एक सप्ताह से परेशानी ज्यादा बढ़ गई है। पानी का प्रेशर भी कम है जिससे मोटर के बिना टंकी तक पानी नहीं चढ़ पाता है। कई बार बदबूदार पानी की भी आपूर्ति हुई है। प्रेशर की समस्या को दूर किया जाना चाहिए। - गौरीशंकर सैनी, व्यवसाई, लाइनपार
- साफ पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है। नल का पानी सीधा पीने लायक नहीं है। बच्चों को यह पानी पिलाने में डर लगता है। प्रेशर भी बहुत कम आ रहा है। - मुकेश कुमार, चिकित्सक, लाइनपार
- जलापूर्ति की समस्या से परेशानी बढ़ी है। जलकल विभाग के जेई को फोन कर समस्याओं को सही कराया जा रहा है। लो प्रेशर, बदबूदार पानी और पाइपलाइन फटने की शिकायतें आ रही हैं। निर्माण कार्य के दौरान यह दिक्कतें आती हैं। - शिव प्रसाद शर्मा, पार्षद, जयंतीपुर