मुरादाबाद। पटेल नगर हरथला कॉलोनी में सीवर लाइन चोक होने कारण कई लोगों के घरों में गंदा पानी भर रहा है। इससे लोगों को काफी परेशानी हो रही है। पिछले 15 दिन से परेशान लोग कई बार निगम अधिकारियों से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नहीं हो सका है। इससे लोगों में रोष है। वार्ड में संक्रामक रोग फैलने की भी आशंका है।
कॉलोनी में रहने वाले राजीव कुमार ने बताया कि सीवर लाइन किसी स्थान पर चोक हो गई है। जिसके कारण गंदा पानी बैक मार कर बाथरूम, टॉयलेट के सहारे घरों में आ रहा है। वैसे तो यह समस्या हरथला कॉलोनी के काफी घरों में है, लेकिन सबसे अधिक समस्या रेलवे हरथला कॉलोनी पटेल नगर निवासी चंद्रावती व चंचल कुमारी के घर में बनी हुई है। सुबह और शाम उनके घर, आंगन में भी सीवर का पानी भर जा रहा है। चंचल कुमारी ने बताया कि करीब 15 दिन से यह समस्या बनी हुई है।
चंद्रावती ने बताया कि रेलवे कॉलोनी के पुराने भवन तोड़े जाने के बाद से यह समस्या और बढ़ गई है। इसकी शिकायत निगम के जेई और पार्षद से भी की, लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नहीं हो सका है। लोगों को कहना है कि इससे संक्रामक रोग फैलने की आशंका बनी हुई है।
वार्ड-दो की पार्षद राधा रानी ने बताया कि पटेल नगर के अलावा हरथला कॉलोनी के भी 50 से अधिक लोगों सीवर लाइन का पानी बैक मारने से परेशान हैं। उन्होंने बताया कि इस संबंध में मैंने निगम अधिकारियों व महापौर को भी अवगत करा दिया है। सभी ने जल्द समस्या समाधान का आश्वासन दिया है।