मुरादाबाद। मुरादाबाद के चर्चित ध्रुव अपहरण प्रकरण में पुलिस को अहम सुराग हाथ लगा है। पुलिस ने कॉल डिटेल के जरिये अन्य प्रदेश के दो युवकों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की। तब परिवार से जुड़े कई राज भी सामने आए। सोमवार रात पुलिस ने ध्रुव के परिवार की एक महिला से भी पूछताछ की। पुलिस की अब तक की जांच में सामने आया है कि फेसबुक पर दोस्ती के बाद ध्रुव के अपहरण की साजिश सीरियल देखकर रची गई थी।
मझोला थानाक्षेत्र के रामलीला मैदान के पास रहने वाले फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी गौरव कुमार के पांच साल के बेटे ध्रुव का अपहरण कर लिया गया था। इसके बाद अपहरण करने वाले आरोपियों ने इंटरनेट कॉल कर गौरव से तीस लाख रुपये की फिरौती मांगी थी। अगले दिन ध्रुव कौशांबी में रोडवेज की बस में मिला था। अपहर्ता उसे वहीं छोड़ गए थे। तब से पुलिस इंटनरेट कॉल डिटेल का इंतजार कर रही थी। पुलिस इस मामले में यूपी समेत अन्य प्रदेशों में आरोपियों की तलाश में जुटी थी। पुलिस टीम सोमवार रात अन्य प्रदेश के दो युवकों को पकड़ कर मुरादाबाद ले आई। इनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस सूत्रों का दावा है कि ये दोनों आरोपी ध्रुव का अपहरण कर ले गए थे। इसके बाद पुलिस ने सोमवार शाम ध्रुव के परिवार की एक महिला को भी पूछताछ के लिए थाने बुलाया। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि फेसबुक पर दोस्ती करने के बाद ध्रुव के अपहरण की साजिश रची गई थी। ध्रुव के अपहरण से जुड़ी कड़ियां पुलिस ने जोड़ ली है। अब पुलिस इस मामले में मंगलवार को खुलासा कर सकती है।
-------
ध्रुव के अपहरण से जुड़े अहम सुराग हाथ लग गए हैं। अन्य प्रदेश के दो युवकों से भी पूछताछ जारी है। ध्रुव के परिवार के कुछ लोगों को भी पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया था। जल्द ही इस मामले खुलासा किया जाएगा।
प्रभाकर चौधरी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक
---
आरोपियों को नहीं था अंदाजा, पुलिस तक पहुंच जाएगा मामला
मुरादबाद। पुलिस जांच में ये भी बात सामने आई कि आरोपियों को इस बात का कतई अंदाजा नहीं था कि मामला पुलिस तक पहुंच जाएगा। परिवार के लोग डर जाएंगे और अपना मकान बेचकर रकम उन्हें सौंप देंगे।
---
मेरी तबीयत खराब है अभी बात नहीं कर सकता
मुरादाबाद। ध्रुव के पिता गौरव से सोमवार रात फोन पर बात की गई तो उन्होंने बताया कि अभी पुलिस ने ध्रुव के मामले में कोई जानकाराी नहीं दी है। मेरी तबीयत खराब है मैं बात करने की हालत में नहीं हूं। अस्पताल से दवा लेने जा रहा हूं। यहां से खाली होने के बाद बात करूंगा।