- मंडी समिति से प्रकाश नगर चौराहा और रामलीला रोड तक उखड़ी सड़कें, मझोला रोड से सूर्य नगर तक धूल और गड्ढों का सफर
- कहीं सीएम ग्रिड की खुदाई ने बिगाड़ी सड़क की सूरत, कहीं सालभर से मरम्मत का इंतजार
फोटो
अमर उजाला ब्यूरो
मुरादाबाद। लाइनपार में दशहरा मेले की तैयारियां जोर पकड़ने वाली हैं, लेकिन मेले तक पहुंचने वाले रास्ते पहले से ही लोगों की परीक्षा लेने को तैयार हैं। रावण दहन देखने के लिए हजारों लोग जिस रास्ते से पहुंचेंगे, वही सड़कें जगह-जगह गड्ढों में धंसी हैं। कहीं सड़क की परत उखड़ी है तो कहीं निर्माण के नाम पर रास्ता खोदकर छोड़ दिया गया है। ऐसे में मेले की भीड़ बढ़ी तो इन सड़कों पर चलना किसी चुनौती से कम नहीं होगा।
मंडी समिति पहुंचते ही सड़क की बदहाली दिखाई देने लगती है। आगे प्रकाश नगर चौराहा आता है तो वाहनों की रफ्तार पहले ही धीमी मिलती है। चौराहे से रामलीला रोड की ओर बढ़ने पर सड़क पर गड्ढे और उखड़ा हिस्सा लोगों को संभलकर चलने को मजबूर करता है। दिन में वाहनों के गुजरने पर धूल उड़ती है और पीछे चल रहे दोपहिया वाहन चालक आंखें बचाते नजर आते हैं।
मझोला रोड, चिड़िया टोला और सूर्य नगर की तरफ भी तस्वीर अलग नहीं है। कहीं सड़क महीनों से मरम्मत का इंतजार कर रही है तो कहीं पुरानी सड़क की हालत इतनी खराब है कि वाहन चालक गड्ढों से बचते हुए रास्ता तलाशते दिखाई देते हैं। रामतलैया और पुतलीघर रोड की तरफ भी जगह-जगह सड़क की हालत लोगों के लिए परेशानी बनी हुई है। पुतलीघर रोड की मरम्मत दो साल से नहीं हुई। सबसे ज्यादा लोग इसी रास्ते से होकर रामलीला मैदान तक जाते हैं। मानसरोवर कॉलोनी की सड़क पर सीएम ग्रिड का काम पिछले एक साल से चल रहा है लेकिन पूरा नहीं हुआ।
शहर ही नहीं, दूर-दराज के गावों से आते हैं लोग
लाइनपार में दशहरा मेला करीब सौ साल से आयोजित होता आ रहा है। इस मेले में सिर्फ शहर के लोग ही नहीं आते। आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और अन्य वाहनों से पहुंचते हैं। परिवारों के साथ आने वाली भीड़ में बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे भी होते हैं। सामान्य दिनों में जिन सड़कों पर धूल और जाम से परेशानी होती है, वहां मेले के दिनों में यातायात का दबाव कई गुना बढ़ने की आशंका है। ऐसे में मेला स्थल पर व्यवस्था करने के साथ वहां तक पहुंचने वाले रास्तों को दुरुस्त करना भी जरूरी है।
वर्जन
सीएम ग्रिड का काम तेजी से चल रहा है। मझोला की सड़क ठीक स्थिति में है, दशहरे से पहले और बेहतर हो जाएगी। पुतलीघर रोड का कार्य भी प्रस्तावित है। मंडी समिति से निगम का कोई संबंध नहीं है। लाइनपार की अन्य सड़कों को भी ठीक कराया जाएगा।
- अजीत कुमार सिंह, अपर नगर आयुक्त