गोकशी के विरोध में विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को मूंढापांडे थाने में जमकर हंगामा किया। कार्यकर्ता पांच घंटे तक थाने में डटे रहे और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर आरोप लगाए कि शिकायत के बाद भी पुलिस पशु तस्करों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। थाने पहुंचकर सीओ ने जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया, तब जाकर लोग शांत हुए।
मूंढापांडे थाने में सोमवार सुबह ग्यारह बजे हिंदू संगठन के कार्यकर्ता थाने पहुंच गए। इसके बाद उन्होंने पुलि के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। लोगों ने बताया कि लंबे समय से मूंढापांडे क्षेत्र में गोकशी, पशु तस्करी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। लेकिन पुलिस कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है। जिस कारण पशु तस्करों के हौसले बुलंद हो रहे हैं। शिकायत करने वालों के साथ ही पुलिस अभद्र व्यवहार करती है। कार्यकर्ताओं ने पूरे मामले की जांच कराने की मांग की। इस मामले में जो भी पुलिस कर्मी दोषी पाए जाएं उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए।
पांच घंटे बीतने के बाद भी जब कोई अधिकारी ज्ञापन लेने नहीं पहुंचा तो प्रदर्शनकारी दोबारा भड़क गए। उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया। इसके अलावा तोड़फोड़ का प्रयास भी किया। सूचना मिलने पर सीओ हाईवे राजेश कुमार मौके पर पहुंच गए। उन्होंने प्रदर्शन वालों को आश्वासन दिया है कि वह इस पूरे प्रकरण की जांच कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेंगे। प्रदर्शन करने वालों में राकेश अत्रि, मोहन सिंह, गौरव भटनागर, रोहन सक्सेना, कुंवर पाल सिंह समेत कई दर्जन लोग मौजूद रहे।