मुरादाबाद। कटघर थानाक्षेत्र में पुलिस कर्मियों ने घर में घुसकर महिलाओं के साथ मारपीट है। पुलिस एक आरोपी की तलाश में गई थी। इस घटना का वीडियो वायरल होने पर एसएसपी ने मामले की जांच सीओ कोतवाली को सौंपी है।
कटघर थाने की दस सराय पुलिस चौकी के प्रभारी मयंक गोयल दो सिपाहियों के साथ सोमवार रात कोहिनूर तिराहे पर लॉक डाउन का पालन करा रहे थे। इसी दौरान स्कूटी सवार युवक आ गया था। युवक ने मास्क नहीं लगा रखा था। पुलिस कर्मियों के टोकने पर युवक अभद्रता करने लगा था। आरोप है कि युवक ने दरोगा का कॉलर पकड़ लिया और मारपीट की। इसी दौरान युवक का भाई भी आ गया था। दोनों भाइयों ने पुलिस कर्मियों के साथ भी मारपीट की थी। इसी बीच आरोपी वसीम निवासी कोहिनूर तिराहा मौके से भाग गया, जबकि उसके भाई अजीम को पुलिस ने पकड़ लिया था। इसके बाद पुलिस ने वसीम की तलाश में उसके घर में दबिश दी थी। आरोप है कि पुलिस कर्मियों ने महिलाओं के साथ मारपीट की थी। इसके बाद पुलिस कर्मी चले गए थे। मंगलवार को महिलाओं के साथ मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने इस मामले की जांच सीओ कोतवाली को सौंपी है। सीओ कोतवाली इंदू सिद्घार्थ ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। उधर कटघर थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस कर्मियों से मारपीट करने वाले गिरफ्तार एक आरोपी का चालान किया गया है, जबकि दूसरे की तलाश की जा रही है।