बिलारी। ब्लॉक के हमजापुर गांव के श्मशान में अंतिम संस्कार के लिए कर्मशाला बनाए जाने पर ग्रामीणों ने विरोध जताया है। एसडीएम को ज्ञापन देकर कर्मशाला पर रोक की मांग की है। एसडीएम ने फिलहाल निर्माण पर रोक लगाते हुए बीडीओ बिलारी से जांच रिपोर्ट मांगी है।
भारतीय किसान यूनियन टिकैत के बिलारी तहसील अध्यक्ष रनवीर सिंह यादव, बिलारी नगर अध्यक्ष राजू सिंह चौहान, कुंदरकी ब्लॉक अध्यक्ष प्रेमपाल सिंह और भाकियू के युवा नेता अभिनव चौधरी के साथ के हमजापुर के अनेक ग्रामीण ट्रैक्टर-ट्रॉली से शनिवार दोपहर तहसील कार्यालय पहुंचे। यहां ग्रामीणों ने भाकियू पदाधिकारियों के साथ एसडीएम को ज्ञापन दिया। ज्ञापन में कहा गया कि उनके गांव में दो श्मशान घाट हैं और दोनों में ही अंतिम संस्कार होते हैं। वर्तमान ग्राम प्रधान अपने मोहल्ले वाले श्मशान में कर्मशाला बनवा रहे हैं जबकि दूसरे मोहल्ले के श्मशान में कोई काम नहीं करा रहे हैं। ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान पर नियमविरुद्ध तरीके से कर्मशाला बनवाने का आरोप लगाया।
ज्ञापन देने वालों में सोम सिंह, दीपक सिंह, भूकन सिंह, उपदेशपाल सिंह, राजपाल सिंह, सोमपाल सिंह, रामसिंह, चंद्रभान सिंह, विनोद कुमार, रामप्रकाश आदि मुख्य थे। एसडीएम विनय कुमार सिंह ने तत्काल बीडीओ और एडीओ पंचायत ब्लॉक बिलारी से दूरभाष पर बात कर ग्रामीणों की शिकायत की मौके पर जाकर जांच करने को कहा और जांच पूरी होने तक कर्मशाला निर्माण रुकवाने की बात कही। एसडीएम ने कहा कि मौके पर शांति व्यवस्था बनाए रखना जरूरी है। एडीओ पंचायत ने बताया कि शिकायती पत्र मिलते ही जांच की जाएगी। उधर हमजापुर के ग्राम प्रधान प्रेम सिंह ने शिकायत करने वालाें को अपने विरोधी होना बताया और कहा कि चुनावी रंजिश के चलते उनके खिलाफ शिकायत की जा रही है। गाटा संख्या 247 अभिलेखों में श्मशान की भूमि है और इसी श्मशान में ग्रामीणों की जरुरत को देखते हुए नियमानुसार कर्मशाला बनवाई जा रही है।