बिलारी। तहसील के मनकूला गांव में स्योंडारा रोड स्थित एक औद्योगिक इकाई के संचालन के खिलाफ शुक्रवार दोपहर ग्रामीणों ने एसडीएम को ज्ञापन दिया। एसडीएम ने शिकायत की जांच के लिए दो अधिकारियों की टीम गठित कर दी है। उधर औद्योगिक इकाई के संचालकों ने ग्रामीणों के सभी आरोप बेबुनियाद बताए हैं।
मनकूला गांव निवासी इमरान पाशा,रोमेश, रंजीत,अरुण, सत्यवीर, संगीत, सुनवीर और राहुल आदि अनेक ग्रामीणों ने हस्ताक्षर युक्त एक ज्ञापन एसडीएम को दिया। ज्ञापन में आरोप लगाया कि गया कि औद्योगिक इकाई के संचालन से वायु प्रदूषण हो रहा है और किसानों की फसलों का उत्पादन प्रभावित हो रहा है। औद्योगिक इकाई के चार सौ मीटर के दायरे में दो प्राइमरी स्कूल संचालित हैं उसके बावजूद नियमविरूद्ध तरीके से इकाई संचालन की अनुमति ले ली गई। ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया कि औद्योगिक इकाई के संचालन से किसानों की हरे चारे की फसलों पर धुएं की काली परत जमने से पशु हरा चारा भी ठीक से नहीं खा पा रहे हैं।
एसडीएम विनय कुमार सिंह ने बताया कि ग्रामीणों की ओर से जो शिकायती पत्र मिला है उसकी मौके पर जाकर जांच करने के लिए दो अधिकारियों की टीम बना दी गई है। टीम में तहसीलदार और क्षेत्रीय प्रदूषण अधिकारी को शामिल किया गया है। टीम जल्दी ही मौके पर जाकर जांच कर रिपोर्ट देगी। उधर संबंधित औद्योगिक इकाई के संचालकों का कहना है कि सभी संबंधित विभागों से एनओसी लेने के बाद नियमानुसार इकाई का संचालन शुरू किया गया है। इकाई में गैस वैलून लगे हुए हैं ताकि किसी प्रकार कोई दूषित हवा बाहर न निकले। इकाई में ईटीपी प्लांट लगा हुआ है ताकि इकाई से किसी तरह का भी काला पानी निकलकर बाहर न जाए। निर्धारित मानक के अनुसार इकाई की चिमनी 110 फीट ऊंची बनी हुई है।