मंडी धनौरा। आजमपुर बिजलीघर से जुड़े गांवों में पिछले 36 घंटे से बिजली आपूर्ति ठप होने के विरोध में ग्रामीणों ने बिजलीघर पर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने बिजली आपूर्ति बहाल किए जाने की मांग की है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि मशीन खराब होने की वजह से आपूर्ति बाधित हो रही है।
आजमपुर बिजलीघर से आजमपुर, पट्टी खादर, सराय, चांदरा फार्म, मलंगपुरा, झुंडपुरा, इब्राहिमपुर, आशिकपुरा समेत दर्जनों गांवों को आपूर्ति होती है। इन गांवों में बीते 36 घंटे से बिजली आपूर्ति नहीं हो पा रही है। उमस भरी गर्मी में बिजली नहीं मिलने से नाराज ग्रामीण रविवार की दोपहर बिजलीघर पहुंच गए। ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों के खिलाफ प्रदर्शन किया। उनका आरोप था कि बिजली अधिकारी उनकी समस्याओं के प्रति गंभीर नहीं हैं। बताया जाता है कि बिजलीघर पर आपूर्ति करने वाली एक मशीन के खराब होने के कारण आपूर्ति प्रभावित हो रही है।
अवर अभियंता विनोद कुमार ने तीन दिन के भीतर मशीन में आई खराबी दूर करने का आश्वासन दिया। इस मौके पर सत्यपाल सिंह, मेजर सिंह, भजन सिंह पहलवान, कमलजीत सिंह, ओमकार सिंह, राकेश सिंह, विजय सिंह, छत्रपाल सिंह आदि मौजूद थे।