छजलैट थाना क्षेत्र के गांव नजराना में एक मुश्त समाधान योजना (ओटीएस) योजना के अंतर्गत कैंप लगाकर बकाया बिजली बिलों की वसूली कर रही टीम के साथ ग्रामीणों ने मारपीट करते हुए अभद्रता की। टीम ने पंचायत भवन में बंद होकर अपने को बचाया। इस मामले में पुलिस को कार्रवाई के लिए तहरीर दी गई है।
बिजली उपखंड कार्यालय अगवानपुर के अंतर्गत आने वाले उपकेंद्र ढकैड़ा की बिजली टीम ने छजलैट थाना क्षेत्र के गांव नजराना में एक मुश्त समाधान योजना (ओटीएस) योजना के अंतर्गत बकाया बिजली बिलों को जमा कराने के लिए पंचायत भवन में शनिवार को एक कैंप लगाया गया। टीम गांव में बकाया बिल वसूली अभियान चला रही थी। आरोप है कि कैंप के दौरान गांव के ही रवि पुत्र सतपाल, राहुल पुत्र तेजपाल, आकाश पुत्र ऋषिपाल, काविंद्र पुत्र सतपाल और नितेश पुत्र मेघराज कुछ अज्ञातों के साथ पंचायत भवन पहुंचे और बिजली टीम के साथ गाली-गलौज करने लगे। जब इस बारे में मना किया गया तो आरोप है कि इन सभी ने टीम के साथ मारपीट भी की। सरकार कार्य में बाधा डालते हुए मौके पर लैपटॉप, प्रिंटर, मेज-कुर्सी आदि भी क्षतिग्रस्त कर दिए। बिजली टीम ने पंचायत भवन के कक्ष में बंद अपनी जान बचाई। इसके बाद अवर अभियंता, एसडीओ अगवानपुर आदि अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई। इस मामले में शनिवार की शाम बिजली टीम छजलैट थाने पहुंची और यहां आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए संविदा लाइनमैन अजीत सिंह पुत्र विशन स्वरूप ने तहरीर दी। वहीं ग्रामीणों का आरोप है कि बिना सूचना दिए ही कैंप लगाया गया था, इसी को लेकर कहासुनी हुई है। मारपीट जैसे आरोप बेबुनियाद है। थानाध्यक्ष छजलैट अशोक कुमार ने बताया कि तहरीर मिली है, जिसके आधार पर आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा रही है।