बिलारी। भाकियू टिकैत युवा के पूर्व पश्चिमी यूपी प्रभारी शुभम राठी ने अपने सहयोगियों के साथ क्षेत्र के पांच ग्रामों में देव दर्शन सदभाव यात्रा निकाली। इस दौरान ग्रामीणों ने यात्रा में शामिल कार्यकर्ताओं का स्वागत किया। भाकियू नेता ने ग्रामीणों से मिलकर उनकी समस्याएं भी जानीं।
क्षेत्र के ब्लॉक मुख्यालय वाले सहसपुर गांव में भाकियू नेता शुभम राठी और उनकी टीम के सदस्य इकट्ठा हुए। यहां भाकियू नेता ने बिलारी विधानसभा क्षेत्र में निकाली जा रही देवदर्शन सदभाव यात्रा का उद्देश्य बताया। उन्होंने यात्रा में साथ चलने वाले कई बुजुर्गों से यात्रा के दूसरे चरण की शुरुआत कराई। दूसरे चरण की यह पदयात्रा सहसपुर गांव से शुरू होकर बिलारी नगर में गांधी पार्क चौराहा, रेलवे ओवरब्रिज, बिलारी चीनी मिल, टांडा अमरपुर, ग्वालखेड़ा, चांदपुर और तिसावा गांव होती हुई अंत में तिसावा के ऊंचे टीले पर स्थित शेख सलाहुद्दीन की प्राचीन ऐतिहासिक दरगाह पर जाकर समाप्त हुई।
इस सदभाव पदयात्रा में टीनू सिंह, अमित चौधरी, नूर मोहम्मद, मोहसिन, इकबाल हुसैन, कपिल बालियान, अजीत चौधरी, इमरान, फैजान, खलील अहमद, दीपक, अब्दुल हसन, अलीशेर, नितिन चौधरी, संदीप कुमार, नसरुद्दीन मलिक आदि मुख्य थे। शुभम राठी ने बताया कि यात्रा के दौरान उनके सामने किसानों को दुकानों और सहकारी संस्थाओं से खाद न मिलने, निर्धारित शेड्यूल की पूरी बिजली न मिलने, विद्युत लाइनों के जर्जर तार न बदले जाने, जल निगम द्वारा पाइप लाइन बिछाने के दौरान उखड़ी सड़कें ठीक न कराने आदि समस्याएं ग्रामीणों की ओर से आईं। ग्रामीणों द्वारा बताई गईं सभी समस्याओं के समाधान के लिए शीघ्र ही जिलाधिकारी से मिलेंगे। यात्रा समापन पर पदयात्रा में शामिल लोगों ने शेख सलाहुद्दीन की दरगाह पर चादरपोशी कर क्षेत्र में अमन-चैन और सुख समृद्धि के लिए भगवान से दुआएं कीं।