अमरोहा। पंडित दीन दयाल उपाध्याय जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में खेल विभाग की ओर से एक दिवसीय जूनियर टेबल टेनिस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसकी शुरुआत डिप्टी कलक्टर मसीहा नजम ने की। एकल बालक वर्ग में विकाशु व बालिका वर्ग में अक्षिता ने पहला स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिता का आयोजन जोया स्थित एक स्कूल में किया गया। बालक व बालिका वर्ग की इस प्रतियोगिता में 66 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। एकल बालक वर्ग में कंपोजिट विद्यालय बरखेड़ा सादात के विकाशु पहले व इसी विद्यालय के दीपक दूसरे, बालिका वर्ग में अक्षिता पहले व अनन्या दूसरे स्थान पर रहीं। डबल बालक वर्ग में विकाशु व दीपक पहले, आर्यवीर व सुशांत दूसरे स्थान पर रहे। कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए डिप्टी कलक्टर मसीहा नजम ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जीवन से प्रेरणा लेकर खेल के क्षेत्र में अपना कॅरिअर बनाने के लिए खिलाड़ियों को प्रेरित किया।
जिला क्रीड़ा अधिकारी देशकांत त्यागी ने उनका बुके देकर स्वागत किया। प्रतियोगिता के समापन के अवसर पर सीडीओ अश्वनी कुमार मिश्रा, स्कूल के प्रबंधक अमन लिट व प्रधानाचार्य आदेश कुमार ने विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया। निर्णायक मंडल में अमित कुमार, अचल और स्कूल के व्यायाम टीचर शामिल रहे।