तीन दिनों से लापता सूरजनगर पीतल बस्ती निवासी विकास यादव (22) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। कातिलों ने शव को चमरपुरा मूंढापांडे के जंगल में ले जाकर खेत में दबा दिया। पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार कर शव को बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि अंशुमन उर्फ काके की हत्या का बदला लेने के लिए उसके भाई अनिरुद्ध ने घटना को अंजाम दिलाया है।
कटघर सीओ रुद्र कुमार सिंह ने बताया कि सूरजनगर पीतलबस्ती निवासी संतोष कुमार यादव ने पुलिस को बताया कि उसके बेटे को 16 मई की रात गांगन निवासी दोस्त मोहित सहित दो लोग घर से बुलाकर ले गए थे। इसके बाद उसके बेटे का पता नहीं चला। उसने अगले दिन थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। बताया कि मोहित और सचिन उसके बेटे को लेकर गए थे।
पुलिस ने इस मामले में एसएसपी के निर्देश पर विकास यादव के दोस्त संभल रोड गागन तिराहा निवासी मोहित कुमार यादव पुत्र छविपाल सिंह और सचिन पासी पुत्र शशिकपूर निवासी सूरजनगर पीतलबस्ती को हिरासत में लेकर पूछताछ की। मोहित ने बताया कि विकास यादव से अच्छी दोस्ती थी। घर-आना जाना था। विकास के दुश्मन अनिरुद्ध सिंह पुत्र विश प्रताप सिंह निवासी सूरजनगर पीतलबस्ती से भी अच्छी दोस्ती है।
अनिरुद्ध सिंह, गोलू उर्फ कनिष्क पुत्र ज्ञानेंद्र सिंह निवासी छोटी मंडी गुलाबबाड़ी, अभिषेक उर्फ यश पुत्र सुनील निवासी पीतलनगरी, अभिनव पुत्र सतवीर सिंह निवासी लंका बाग आपस में दोस्त हैं। कुछ दिन पहले अनिरुद्ध सिंह, गोलू उर्फ कनिष्क निवासी छोटी मंडी गुलाबबाड़ी ने कहा कि तुम विकास यादव को हमारे पास लेकर आओ, बदले में हम तुम्हें पैसे देंगे।
मुझे अपने भाई अंशुमन उर्फ काके की हत्या का बदला सुभाष यादव से लेना है। अनिरुद्ध के भाई की हत्या के मुकदमे में विकास का भाई सुभाष जेल में बंद है। सुभाष के पिता उसकी जमानत नहीं करा रहे हैं। सुनियोजित योजना के तहत मोहित अपने दोस्त सचिन को साथ लेकर 16 मई की रात करीब 10 बजे विकास यादव को फोन किया।