विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ता मंगलवार को आरोपी डॉक्टर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर सड़क पर उतर आए। उन्होंने दुष्कर्म के आरोपी डॉ. शाहनवाज की संपत्ति को कुर्क कर घर पर बुलडोजर चलाने की मांग की।
मंगलवार को दोनों संगठन और भाजपा के कार्यकर्ता ब्लॉक परिसर में एकत्र हुए। वहां से उन्होंने अपनी मांगों को लेकर नगर के प्रमुख मार्गों पर घटना के विरोध में जुलूस निकाला। कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए कमालपुरी चौराहा, शगुन रोड, बुध बाजार कोतवाली से होकर तहसील प्रांगण में पहुंचे। जहां प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कहा कि क्षेत्र में आए दिन इस तरह की घटनाएं प्रकाश में आ रही हैं। उन पर उचित कार्रवाई नहीं होने के कारण ऐसी मानसिकता वाले लोगों के हौसले बुलंद है। ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।
बाद में उन्होंने अपनी मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम मनी अरोड़ा को सौंपा। जिसमें शाहनवाज की संपत्ति की कुर्की कर उसके घर को बुलडोजर से गिराने, हॉस्पिटल के सभी डॉक्टर का लाइसेंस निरस्त करने, उसे भविष्य में कहीं भी अस्पताल खोलने की अनुमति न देने आदि की मांग की गई है। एसडीएम ने बताया कि आरोपी डॉक्टर की डिग्री की जांच कराई जा रही है। बुलडोजर की कार्रवाई के संबंध में डीएम से वार्ता की जाएगी। इस दौरान सचिन विश्नोई, शंकर राजपूत, पंकज सिंह, अजय प्रताप सिंह, गौरव चौहान, धर्मेंद्र कुमार पाल, कमलेश कुमार, नागेंद्र आदि मौजूद रहे।