पाकबड़ा। पाकबड़ा थानाक्षेत्र के एक गांव में चुनावी जनसभा में बिरयानी खिलाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। कुछ लोगों ने वीडियो पुलिस अफसरों को भेजकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
कुंदरकी विधानसभा क्षेत्र में आने वाले एक गांव में मंगलवार शाम राजनीतिक पार्टी के प्रत्याशी के लिए जनसभा आयोजित की गई थी। शाम करीब छह बजे उम्मीदवार अपने समर्थकों के साथ सभा में पहुंचे और उन्होंने लोगों को संबोधित किया। जनसभा समाप्त होने के बाद सभी लोगों को चाय और नाश्ता कराया गया। इसके बाद खाने की भी व्यवस्था की गई। बताया जा रहा है कि वोटों को लुभाने के लिए उन्हें बिरयानी खिलाई गई थी।
इस दौरान कुछ लोगों ने मोबाइल से वीडियो बना लिया। जिसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। इसके अलावा कुछ लोगों ने पुलिस अफसरों को भी वीडियो व्हाट्सएप कर दिया। थाना प्रभारी रंजन शर्मा ने बताया कि जनसभा की अनुमति प्रशासन द्वारा जारी की गई थी। कुछ लोगों ने जनसभा में शामिल होने आए लोगों को बिरयानी खिलाने की शिकायत की है। उन्होंने एक वीडियो भी दिया है। वीडियो की जांच की जा रही है।