फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मुरादाबाद के हिंदू कालेज के उप प्राचार्य को कॉलेज गेट पर पीटा

विज्ञापन
हिंदू कॉलेज के गेट पर उप प्राचार्य को पीटने की वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई। - फोटो : CITY
विज्ञापन
मुरादाबाद। हिंदू कालेज के गेट पर सोमवार दोपहर कुछ युवकों ने कॉलेज के उप प्राचार्य एवं एसोसिएट प्रोफेसर डा. एनयू खान पर हमला कर दिया गया। इस घटना में वह बाइक समेत नीचे गिर गए। जिसमें उनके पैरों और पीठ में चोट आई है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। यह पूरी घटना गेट पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में कैद हो गई है। जिसके जरिए पुलिस हमलावरों की तलाश में जुटी है।
विज्ञापन

सिविल लाइंस के जिगर कालोनी निवासी डा. एनयू खान हिंदू कालेज में वाणिज्य संकाय में विभागाध्यक्ष एवं एसोसिएट प्रोफेसर हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि वह सोमवार दोपहर करीब डेढ़ बजे कक्षाएं लेने के बाद कालेज से अपने घर लौट रहे थे। उन्होंने बताया कि अभी वह कालेज गेट पर ही पहुंचे थे कि अचानक एक युवक ने उन पर पीछे से हमला कर दिया। इस हमले में वह बाइक समेत गिर गए। इसके बाद तीन चार अन्य युवकों ने भी हमला किया। अन्य छात्र छात्राओं के आने पर आरोपी मौके से भाग गए। उन्होंने बताया कि एक हमलावर ने अपने चेहरे को ढक रखा था। कोतवाली प्रभारी अशोक कुमार ने बताया कि डा. एनयू खान की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से हमलावरों की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।
सोमवार को कालेज में नहीं थी पीएसी
डॉ. एनयू खान के साथ हुई मारपीट के समय कालेज में पीएसी कर्मी मौजूद नहीं थे। प्राचार्य डॉ. बीबी सिंह का कहना है कि शनिवार दोपहर साढ़े तीन बजे तक कालेज में पीएसी मौजूद थी। उसके बाद शनिवार रात या रविवार को कालेज से पीएसी चली गई, इसकी जानकारी नहीं है। पीएसी अधिकारियों ने इस संबंध में कालेज को सूचना नहीं दी है।
विज्ञापन

विद्यार्थियों के परिचय पत्र की नहीं हुई जांच
कालेज खुलते समय मुख्य नियंता ने कालेज में विद्यार्थियों को परिचय पत्र की जांच के बाद ही प्रवेश देने का दावा किया था, लेकिन सोमवार को हुई घटना से यह दावे खोखले साबित हो गए। कालेज के गेट पर न तो विद्यार्थियों के परिचय पत्र की जांच हुई और न ही किसी व्यक्ति से प्रवेश के समय पूछताछ की गई। प्राचार्य डॉ. बीबी सिंह के अनुसार कालेज के मैदान में नियंता मंडल मौजूद रहता है, जो कालेज में शांति व्यवस्था बनाए रखने में मदद करते हैं।
मंगलवार को गठित होगी जांच समिति
प्राचार्य डॉ. बीबी सिंह का कहना है कि कालेज में इस तरह की घटना होना निंदनीय है। डॉ. एनयू खान ने मामले में तहरीर दे दी है। मैं उनके साथ मेडिकल कराने के लिए जिला अस्पताल और कोतवाली भी गया था। कालेज स्तर पर मामले की जांच के लिए मंगलवार को जांच समिति गठित की जाएगी। इसका नेतृत्व मुख्य नियंता करेंगे।
ढाई वर्ष पहले भी हुआ था हमला
डॉ. एनयू खान पर सोमवार को हुआ हमला पहली बार नहीं है। इससे पहले करीब ढाई वर्ष पहले भी डॉ. एनयू खान के साथ मारपीट की घटना हो चुकी है। डॉ. एनयू खान ने बताया कि वह कमिश्नर आवास रोड से बाइक से जा रहे थे। तभी पीछे बाइक सवार चार युवकों ने उनकी बाइक पर लात मारी थीं। वह बाइक से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उनके कंधे में बहुत चोट आई थीं। मामले में उन्होंने तहरीर दी थी, लेकिन उस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। सोमवार को हुई घटना के बाद उन्होंने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में आरोपियों के फोटो एकदम साफ है। करीब आठ लड़के इस मामले में शामिल हैं। घटना को अंजाम देने के लिए तीन लड़के आगे आए थे और चार-पांच लड़के पीछे थे। उन्होंने घटना को क्यों अंजाम दिया, इसकी जानकारी नहीं है। अब पुलिस ही मामले में जांच करेगी। प्रवेश और परीक्षा के समय भी उनके साथ किसी विद्यार्थी की कोई परेशानी नहीं हुई है।
वरिष्ठता विवाद के बाद से हो रहे हमले
डॉ. एनयू खान ने कालेज में प्राचार्य डॉ. बीबी सिंह के खिलाफ वरिष्ठता का दावा पेश किया है। उन्होंने बताया कि अभी मामला कुलपति के यहां लंबित है। इससे पहले पूर्व प्राचार्य डॉ. केसी गुप्ता के खिलाफ भी वरिष्ठता का दावा पेश किया था। उनका आरोप है कि वरिष्ठता विवाद के बाद से उन पर हमले हो रहे हैं। इसके अलावा उनका किसी से कोई विवाद नहीं है। वहीं, प्राचार्य डॉ. बीबी सिंह का कहना है कि वरिष्ठता को चुनौती देना एक सामान्य प्रक्रिया है। इसमें कोई विशेष बात नहीं होती है। यह मामला कुलपति के यहां विचाराधीन है।
कालेज प्रशासन फेल : रमाकांत ठाकुर
हिंदू कालेज शिक्षक संघ के अध्यक्ष डॉ. रमाकांत ठाकुर ने बताया कि वरिष्ठ शिक्षक के संग कालेज के गेट पर मारपीट की घटना हुई है। यह घटना कालेज प्रशासन की लापरवाही की वजह से हुई है। उन्होंने दोषियों को सख्त सजा देने की मांग की। कहा कि डॉ. एनयू खान की रेकी के बाद मारपीट की गई है। बाहरी तत्व कालेज में कैसे गए। यह बड़ा सवाल है। नियंता मंडल का काम विद्यार्थियों के परिचय पत्र की जांच करना है। वह उस समय कहां थे। सोमवार को पुलिस नहीं थी तो और उन्हें और चौकन्ना रहना था।
कालेज में प्रवेश विवाद की चर्चा
मारपीट की घटना के बाद कालेज में चर्चा है कि बाहरी तत्वों ने प्रवेश प्रक्रिया में हुई कहासुनी की वजह सेे घटना को अंजाम दिया है। चर्चा है कि एमकॉम प्रथम वर्ष के प्रवेश के समय कुछ युवक एक प्रवेश की सिफारिश लेकर आए थे, लेकिन वास्तविक प्रमाण पत्र नहीं होने के कारण डॉ. एनयू खान ने प्रवेश देने से इन्कार कर दिया था। उस समय कहासुनी भी हुई थी। बाद में वह प्रवेश किसी अन्य की सिफारिश पर हुआ था। इस मामले को बाहरी युवकों ने अपनी प्रतिष्ठा का सवाल बना लिया था। सोमवार को कालेज में पीएसी न होने पर उन्होंने बदला लिया, जबकि डॉ. एनयू खान ने प्रवेश के समय किसी से कहासुनी या विवाद होने के मामले से स्पष्ट इन्कार किया है। उनका कहना है कि सभी प्रवेश शांतिपूर्ण तरीके से हुए थे। किसी से कोई कहासुनी नहीं हुई है।

हिंदू कॉलेज के गेट पर उप प्राचार्य को पीटने की वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई।- फोटो : CITY

हिंदू कॉलेज के गेट पर उप प्राचार्य को पीटने की वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई।- फोटो : CITY

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें