मुरादाबाद। सर्विस रोड बनाने और आरओबी का कार्य करने के लिए पुलिस ने पंडित नगला बाईपास पर भारी वाहनों का संचालन बंद कर दिया। पुलिस द्वारा आरटीओ रोड तिराहे पर छोटे यात्री वाहनों को रोकने से आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
एसपी यातायात सुभाष चंद्र गंगवार ने सेतु निगम के अनुरोध पर पंडित नगला बाईपास रोड पर रविवार से 10 दिन के लिए भारी वाहनों पर प्रतिबंध लगा दिया है। दिन के समय हल्के वाहन गुजरेंगे लेकिन रात में बाइक, कार, टेंपो जैसे हल्के वाहनों को भी रोका गया है, जिससे सड़क निर्माण का काम तेजी से हो सके। रूट डायवर्जन लागू होने करने के लिए हनुमान मूर्ति तिराहा, पंडित नगला बाईपास और संभल रोड पर सोमवार को पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई।
पुलिस ने आरटीओ रोड तिराहे पर बड़े वाहनों के साथ यात्री वाहनों को रोक दिया। इस दौरान हनुमान मूर्ति या रामपुर रोड जाने के लिए यात्रियों को टेंपो और ई-रिक्शा का सहारा लेना पड़ा। पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों का कहना है कि सर्विस रोड तैयार होने पर रामगंगा पुल पर आवागमन को बंद किया जाएगा। इस मामले में आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।
इन मार्गों से गुजारे जा रहे वाहन
- हनुमान मूर्ति तिराहा से कोहिनूर तिराहे की तरफ जाने वाले हल्के एवं भारी वाहन काशीपुर तिराहा, दलपतपुर, जीरो प्वाइंट पुराना टोल प्रथम, संभल कट से गुजारे जा रहे हैं। इस रास्ते से वापस लाैट रहे हैं।
- संभल-चंदौसी की ओर जाने वाले वाहन हनुमान मूर्ति, काशीपुर तिराहा, दलपतपुर जीरो प्वाइंट, पुराना टोल द्वितीय होते हुए चंदौसी कट से जा रहे हैं। इसी मार्ग से वापस आ रहे हैं।
-हनुमान मूर्ति से एनएच 9 की ओर जाने वाले सभी वाहन काशीपुर तिराहा, दलपतपुर जीरो प्वाइंट होकर एनएच 9 तक पहुंच रहे हैं और उसी मार्ग से वापस लाैट रहे हैं।