मुरादाबाद- कटघर रेलवे स्टेशन के बीच क्रासिंग पर गुरुवार सुबह एक वाहन फाटक से टकराने से बड़ा हादसा होने से बच गया। इस घटना के कुछ देर बाद ही वहां से शताब्दी एक्सप्रेस गुजरने वाली थी। हादसा होने के कारण शताब्दी ट्रेन क्रासिंग से पहले ही रोक दी गई। स्टेशन मास्टर ने यह जानकारी रेलवे कंट्रोल रूम में दी। जिसकी सूचना पर रेलवे की तकनीकी टीम मौके पर पहुंची और फाटक की मरम्मत करने के बाद रेलों का संचालन शुरू किया गया।
मुरादाबाद और कटघर के बीच गेट नंबर 415- सी गुलाबबाड़ी है। गुरुवार सुबह नौ बजे यहां से नई दिल्ली से काठगोदाम जाने वाली शताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन गुजरनी थी। गेटमैन ने गेट बंद कर दिया था। उसी समय तेजी से एक जीप आई और फाटक से टकरा गई। जिसकी वजह से फाटक क्षतिग्रस्त हो गया। कटघर स्टेशन के स्टेशन मास्टर ने इसकी जानकारी रेलवे कंट्रोल रूम में दी। फाटक से जीप टकराने की सूचना से रेलवे में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर टीम मौके पर पहुंच गई।
इसके बाद ट्रेनों का संचालन बंद कर दिया गया। शताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन भी बीच में ही रोक दी गई। टीम ने फाटक की मरम्मत की। इसके बाद शताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन रवाना की जा सकी।