मुरादाबाद। कोरोना संक्रमण की रफ्तार के उतार चढ़ाव के बीच पहली लहर की तुलना में इस लहर में किशोरों और युवाओं की पॉजिटिविटी दर में कमी आई है। पहली लहर में 11 से 20 वर्ष आयुवर्ग के किशोरों और युवाओं में पॉजिटिविटी रेट 2.54 थी, जबकि इस लहर में ये दर 1.72 हो गई। ऐसे में बच्चों का टीकाकरण जरूर कराएं।
दो साल के संक्रमण काल में काफी उतार चढ़ाव देखने को मिला। कोरोना संक्रमण की रफ्तार घटती बढ़ती रही। कभी संक्रमण की रफ्तार अपने चरम पर पहुंच जाती है तो कभी संक्रमण नरम पड़ जाता है। इन सबके बीच 16 जनवरी 2021 को जिले में टीकाकरण अभियान की शुरुआत हुई। हेल्थ वर्करों से शुरू हुआ ये टीकाकरण अभियान अब बच्चों तक पहुंच गया है। बुधवार से 12 से 14 वर्ष आयुवर्ग के बच्चों का भी टीकाकरण शुरू हो गया है। पहली लहर में अक्तूबर 2020 तक जिले में 11 से 20 वर्ष आयुवर्ग के 52192 किशोरों और युवाओं की कोरोना की जांच कराई गई थी। इसमें 1329 किशोर और युवक संक्रमित मिले थे। पॉजिटिविटी रेट 2.54 रही। वहीं इस लहर में 11 से 20 वर्ष आयुवर्ग के 771 किशोर और युवक संक्रमित मिले, जबकि 44885 सैंपल लिए गए थे। पॉजिटिविटी दर 1.72 रही। पहली लहर की तुलना में 0.82 की कमी रही। ये आंकड़े कहीं न कहीं टीकाकरण के सकारात्मक परिणाम को भी दर्शाते हैं। इसलिए बिना देरी किए बच्चों को कोरोना से बचाव का टीका जरूर लगाएं।