मुरादाबाद। कोरोना टीकाकरण के दूसरे चरण में 60 वर्ष पार बुजुर्गों और 45 वर्ष पार के मरीजों में उत्साह देखने को मिल रहा है। गुरुवार को 705 आमजन बिना बुलाए केंद्रों पर पहली डोज लगवाने पहुंचे। वहीं बुलाए पर भी 1404 स्वास्थ्य कर्मी वैक्सीन की दूसरी डोज लगवाने के लिए केंद्रों पर नहीं आए। दूसरी डोज नहीं लगवाने वाले स्वास्थ्य कर्मियों को बुजुर्र्गों और मरीजों से सीख लेने की जरूरत है।
दूसरे चरण में गुरुवार को बदली व्यवस्था के तहत टीकाकरण किया गया। चार फरवरी को पहली डोज लगवाने वाले 3217 स्वास्थ्य कर्मियों को सरकारी अस्पताल में दूसरी डोज लगाने का लक्ष्य था। इसके लिए नौ केंद्रों पर टीकाकरण के 26 सत्र आयोजित किए गए। लेकिन सापेक्ष 1813 स्वास्थ्य कर्मी ही दूसरी डोज के लिए केंद्रों पर पहुंचे। 1404 स्वास्थ्य कर्मी दूसरी डोज लगवाने के लिए आगे नहीं आए। दूसरी ओर जिले के 13 केंद्रों पर 60 वर्ष पार बुजुर्गों और 45 वर्ष पार के मरीजों को टीका लगाने के लिए 13 सत्र लगाए गए। इन केंद्रों पर बिना बुलाए 705 आमजन टीका लगवाने के लिए आगे आए। इसमें 653 बुजुर्ग और 52 बीमार शामिल रहे। इन बुजुर्र्गों और बीमारों ने केंद्रों पर पहुंचकर पहले अपना रजिस्ट्रेशन कराया फिर टीका लगवाया। इस दौरान उन्हें काफी इंतजार भी करना पड़ा।
- शासन का निर्देश है कि जिन स्वास्थ्य कर्मियों और फ्रंटलाइन वर्करों ने पहली डोज लगवा ली है, उन्हें दूसरी डोज सिर्फ सरकारी अस्पतालों में लगाई जाए। इसके चलते बूथ शिफ्ट करने में दिक्कत आई, इसलिए दूसरी डोज लगवाने वालों की संख्या कम रही। टीकाकरण को लेकर आमजन अधिक उत्साहित दिखे। - डा. दीपक वर्मा, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी
जिला अस्पताल में लग गई कतार
मुरादाबाद। जिला अस्पताल के टीकाकरण केंद्र पर बुजुर्ग और मरीज सबसे अधिक उत्साहित दिखे। यहां वैक्सीन की पहली डोज लगवाने के लिए बुजुर्गों और मरीजों की कतार लग गई। इस दौरान यहां इंतजाम कम पड़ते दिखे। 100 बुजुर्र्गों और मरीजों के सापेक्ष इस केंद्र पर 157 को टीका लगाया गया।
कम पड़े इंतजाम, खड़े रहे बजुर्ग और बीमार
मुरादाबाद। अभी तक हुए टीकाकरण सत्र में केंद्रों पर लाभार्थियों की भीड़ देखने को नहीं मिली। लेकिन गुरुवार को जिला अस्पताल में बुजुर्र्गों और मरीजों की खासी भीड़ रही। केंद्र के बाहर बैठने का इंतजाम कम पड़ गए। बुजुर्गों और बीमारों को कतार में खड़े रहना पड़ा। बाद में अस्पताल प्रशासन ने बेंच और कुर्सी का इंतजाम किया।
किस केंद्र पर कितने को लगी दूसरी डोज
केंद्र-----------संख्या
महिला अस्पताल---196
सीपीएच--------423
एमसीएच विंग----569
यूपीएचसी टाउनहॉल-54
यूपीएचसी मझोला---82
यूपीएचसी फकीरपुरा-84
यूपीएचसी पीतल बस्ती-50
रेलवे अस्पताल------102
पाकबड़ा----------253
सरकारी अस्पतालों में बुजुर्गों-मरीजों के टीकाकरण की स्थिति
केंद्र----------बुजुर्ग--बीमार
जिला अस्पताल---139----18
भोजपुर---------17----00
बिलारी---------37----04
डिलारी---------48----05
कांठ-----------22----03
कुंदरकी---------02----00
मूंढापांडे---------13----00
ठाकुरद्वारा--------40----00
निजी अस्पतालों में बुजुर्गों-मरीजों के टीकाकरण की स्थिति
केंद्र----------बुजुर्ग--बीमार
गलैक्सी हॉस्पिटल--112---08
आशीर्वाद नर्सिंग होम-55---00
कॉसमॉस हॉस्पिटल--32---09
टीएमयू----------30---00
सिद्ध हॉस्पिटल-----06---05