मुरादाबाद। उत्तर रेलवे मजदूर यूनियन के महामंत्री बीसी शर्मा के आह्वान पर चल रहे पांच दिवसीय विरोध प्रदर्शन के तहत बृहस्पतिवार को चौथे दिन कर्मचारियों ने 12 सूत्री मांगों को लेकर मशाल जुलूस निकाला। यह जुलूस डीआरएम कार्यालय से शुरू होकर रेलवे कॉलोनी और रेलवे अस्पताल तक गया, जहां कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का नेतृत्व कार्यकारी अध्यक्ष संजय माथुर ने किया। इस दौरान मंडल की विभिन्न शाखाओं के पदाधिकारी और कर्मचारी बड़ी संख्या में शामिल हुए। करीब 200 कर्मचारियों की भागीदारी ने प्रदर्शन को मजबूती दी। कर्मचारियों ने केंद्र सरकार और रेलवे प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की। जुलूस के माध्यम से यूनियन ने अपनी प्रमुख मांगों को स्पष्ट रूप से रखा। इनमें पुरानी पेंशन योजना लागू करने, आठवें वेतन आयोग को जल्द लागू करने, रेलवे के निजीकरण पर रोक लगाने, संविदा कर्मचारियों के शोषण को खत्म करने, रिक्त पदों पर शीघ्र भर्ती करने और कोरोना काल के दौरान रोके गए डीए का भुगतान शामिल है। इसके अलावा नाइट ड्यूटी अलाउंस का भुगतान और अनुकंपा के आधार पर भर्ती की प्रक्रिया को तेज करने की मांग भी उठाई गई। इस दौरान मंडल अध्यक्ष बीएल मीणा, मंत्री एसके अरोड़ा, बृज कुमार, रिटायर्ड कर्मचारी और कई अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।