कुंदरकी। 132 केवी बिजलीघर भैसोड़ से ग्वारऊ विद्युत उपग्रह को जाने वाली हाईटेंशन लाइन के सात विद्युत पोल शुक्रवार की देर रात आंधी के चलते क्षतिग्रस्त होकर गिर गए थे, जिसके चलते ग्वारऊ विद्युत उपगृह का तीन दिन से संचालन ठप चल रहा था।
रविवार को कुंदरकी थाना क्षेत्र के कादलपुर मस्ती खजरा गांवों के बीच जंगल में टूटे विद्युत पोल के स्थान पर विद्युत कर्मी नए पोल लगाने का प्रयास किए तो कुछ ग्रामीणों ने विरोध करते हुए कुछ दूरी पर नए विद्युत पोल लगाकर हाईटेंशन लाइन को सीधा करने को कहा लेकिन विद्युत कर्मा नहीं माने। इसी बात को लेकर ग्रामीण विरोध करने लगे।
ग्रामीणों की काफी भीड़ जमा हो गई। कुंदरकी एसडीओ दया शंकर ने आला अधिकारियों को सूचना दी, जिसके बाद कुंदरकी और मैनाठेर थानों की पुलिस पहुंच गई जिसके बाद ग्रामीणों को समझाने पर मामला शांत हो सका। करीब दो घंटे बाद में विद्युत पोल लगाए गए। एसडीओ ने बताया कि ग्वारऊ विद्युत उपगृह की आपूर्ति सुचारू करा दी गई है।