पाकबड़ा। थाना क्षेत्र के डींगरपुर चौराहे पर ताजिये की ऊंचाई को लेकर शुक्रवार की शाम जमकर हंगामा हुआ। पुलिस ने ताजिये को आगे नहीं बढ़ने दिया। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। करीब साढ़े तीन घंटे बाद भी ताजिये की ऊंचाई कम नहीं की गई। इसके बाद समाथल के लोग ताजिया वापस ले गए। इसके बाद ही मामला शांत हो सका। जिसके बाद लोग अपने-अपने ताजिये लेकर लौट गए।
मुहर्रम के मौके पर पाकबड़ा के शनिवार बाजार में मेला लगता है। यहां शनिवार का बाजार, मोहल्ला सराय और समाथल गांव के ताजिये पहुंचते हैं। जिसमें आसपास के गांवों से भारी संख्या में लोग जुटते हैं। शुक्रवार शाम समाथल गांव के ताजिये पुलिस की निगरानी में हाशमपुर चौराहे से डींगरपुर मार्ग होते हुए कैलसा रोड की तरफ बढ़ रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें रोक लिया। पुलिस प्रशासन का कहना था कि ताजिये का आकार तय मानक 12 फीट से बड़ा है। इसलिए इसे आगे जाने की अनुमति नहीं दी जा सकती। पुलिस के रोकते ही वहां मौजूद लोग भड़क गए और नारेबाजी व हंगामा शुरू कर दिया। हंगामे की सूचना मिलते ही सीओ हाईवे वरुण कुमार और थाना प्रभारी सुनील कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर शांत किया और करीब साढ़े नौ बजे अपनी निगरानी में समाथल गांव के ताजियों को वापस भिजवाया।। समाथल के बाद पुलिस ने सराय मोहल्ले के ताजिये को भी आकार बड़ा होने का हवाला देकर वापस कर दिया। इसकी जानकारी मिलने शनिवार बाजार के मेले में मौजूद लोगों तक पहुंची वहां माहौल गरमा गया। मेले में मौजूद लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया और अड़ गए कि जब तक समाथल और सराय मोहल्ले के ताजिये नहीं आएंगे वह वहां से नहीं हटेंगे। शनिवार बाजार में हंगामे की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सुनील कुमार अतिरिक्त फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। मामला बढ़ता देख थाना प्रभारी उच्च अधिकारियों को मामले की जानकारी दी। इसके बाद मजिस्ट्रेट आशुतोष सिंह और सीओ हाईवे वरुण कुमार भी मौके पर पहुंच गए। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच काफी तीखी बहस हुई। माहौल बिगड़ने पर नगर के जिम्मेदार लोग आगे आए और माहौल को शांत किया। एसपी सिटी कुमार रण विजय सिंह ने बताया कि समाथल के लोग तय मानक से ऊंचे ताजिये लेकर आए थे। उन्हें समझा दिया गया है। वह ताजिये लेकर चले गए थे। मामला पूरी तरह शांति पूर्ण है।