सोना और चांदी के दामों में तेजी के बीच कर चोरी के खिलाफ राज्य कर विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। संभल जिले में एक ज्वैलर के यहां छापा मारकर करीब 33 करोड़ रुपये की अघोषित सोना, चांदी और हीरे की ज्वैलरी बरामद की गई है। कार्रवाई के दौरान ज्वैलर ने मौके पर ही 1.20 करोड़ रुपये जुर्माने के रूप में जमा किए हैं।
राज्य कर विभाग को लगातार सूचना मिल रही थी कि कुछ व्यापारी सोना-चांदी के बढ़ते दामों का फायदा उठाकर बिना वैध कागजात के खरीद-बिक्री कर रहे हैं। इसी आधार पर अपर आयुक्त ग्रेड-2 (वाणिज्य कर अनुशासन) आरए सेठ के निर्देश पर जांच शुरू की गई।
करीब एक महीने तक निगरानी के बाद संभल जिले के एक ज्वैलर को चिन्हित किया गया। चार फरवरी को मुरादाबाद जोन की प्रवर्तन विंग की 10 सदस्यीय टीम ने दोपहर करीब एक बजे ज्वैलर के शोरूम और आवास पर एक साथ छापा मारा। तलाशी की कार्रवाई लगातार 21 घंटे तक चली।
जांच के दौरान ज्वैलर शोरूम में रखे माल की खरीद से जुड़े वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका। स्टॉक रजिस्टर में सिर्फ 439 ग्राम सोने की ज्वैलरी और 120 किलो चांदी की ज्वैलरी दर्ज मिली, जबकि मौके से 16.638 किलो सोने की ज्वैलरी, 875 किलो चांदी की ज्वैलरी और 34.43 कैरेट हीरा बरामद हुआ।
इनका कोई लेखा-जोखा मौजूद नहीं था। बाजार भाव के हिसाब से इसकी कीमत करीब 33 करोड़ रुपये आंकी गई है। अघोषित ज्वैलरी को सीज कर दिया गया है। इसके अलावा शोरूम और आवास से मिले पर्चे और मोबाइल फोन में मौजूद कारोबार से जुड़ा डाटा भी सीज किया गया है, जिसकी जांच की जा रही है।
राज्य कर विभाग की इस कार्रवाई से सर्राफा कारोबार में हड़कंप मचा हुआ है। इस कार्रवाई में उपायुक्त बामदेव त्रिपाठी, उपायुक्त उत्तम तिवारी, सहायक आयुक्त रणंजय यादव, अखिलेश कुमार, पूजा दीक्षित, राहत चांद, राज्य कर अधिकारी रुपम उपाध्याय, अरविंद कुमार, धीरज सिंह और बिजेंद्र सिंह शामिल रहे।