संभल के सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 'रामराज' वाले बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भारत एक धर्मनिरपेक्ष और संवैधानिक राष्ट्र है, यहां किसी धर्म विशेष की सरकार नहीं चलेगी। उन्होंने कहा कि जनता विकास, रोजगार और महंगाई से राहत चाहती है तथा आगामी चुनाव में सपा की पूर्ण बहुमत से सरकार बनने का दावा किया।
देश महात्मा गांधी, बाबा भीमराव आंबेडकर, अब्दुल कलाम आजाद और अब्दुल गफ्फार जैसे महान लोगों का है। इन सभी ने देश की आजादी में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। यह कहना है संभल के सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क का। उन्होंने कहा कि भारत एक धर्मनिरपेक्ष और सांविधानिक राष्ट्र है।
विज्ञापन
इस देश में किसी धर्म विशेष की सरकार नहीं चलेगी। सांसद ने शनिवार को अपने दीपा सराय स्थित आवास पर मीडिया से बातचीत की। इस दौरान सांसद ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के उस बयान पर प्रतिक्रिया दी, जिसमें मुख्यमंत्री ने कहा था कि बाबर राज नहीं, रामराज चलेगा।
सांसद ने कहा कि जनता तय करेगी कि किसकी हवा निकली है। किसी धार्मिक बात को लेकर रामराज चलेगा कहना गलत है। सांसद ने आगे कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता खुशहाली और तरक्की चाहती है।