शाहबाद में घटना की जांच करती पुलिस
- फोटो : संवाद
सैफनी थाना क्षेत्र के एक गांव में दिव्यांग अनुसूचित जाति की नाबालिग किशोरी से दुष्कर्म का मामला सामने आने के बाद तनाव फैल गया। पुलिस ने दूसरे समुदाय के युवक के खिलाफ पॉक्सो एक्ट, एससी-एसटी एक्ट समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
आरोपी फरार है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पीड़िता की मां ने प्राथमिकी में कहा है कि उसकी नाबालिग बेटी दिव्यांग है। बृहस्पतिवार को वह गांव में सिलाई के लिए कपड़े देने घर से बाहर गई हुई थी।
इस दौरान किशोरी घर में अकेली थी। मौका पाकर गांव का ही दूसरे समुदाय का युवक साबिर घर में घुस गया। मां के वापस घर पहुंचने पर दरवाजा अंदर से बंद था और किशोरी बदहवास थी। मां का आरोप है कि आरोपी युवक साबिर ने उनकी बेटी से दुष्कर्म किया है।
आरोप है कि इस घटना के बाद आरोपी छत से भाग रहा था। उसके चिल्लाने पर गांव के दो युवकों ने आरोपी को पकड़ लिया। आरोप है कि दुष्कर्म का आरोपी हाथापाई करते हुए भाग गया। उधर, घटना की सूचना पर सैफनी पुलिस पहुंच गई।
किशोरी का मेडिकल कराया गया है। एएसपी अनुराग सिंह ने बताया कि आरोपी साबिर के खिलाफ पॉक्सो, एससी-एसटी एक्ट सहित कई धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपी को पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है। किशोरी को मेडिकल के लिए भेजा गया है। गांव में पुलिस तैनात की गई है।