सियासत में वक्त के साथ चेहरे बदलते हैं और उनके साथ समीकरण भी। सपा के वरिष्ठ नेता आजम खां की जेल से वापसी के साथ पश्चिमी उत्तर प्रदेश की राजनीति में अब इसी बदलाव की परीक्षा होने जा रही है। आजम खां के जेल में रहने के दौरान सपा ने पश्चिमी यूपी में कई नए चेहरों को आगे बढ़ाया।
रामपुर से लेकर मुरादाबाद, संभल और कैराना तक मुस्लिम राजनीति में नए नेताओं की अपनी पहचान बनी। अब आजम खां की सक्रियता से पार्टी के भीतर पुराने राजनीतिक प्रभाव और नए नेतृत्व के बीच तालमेल की चुनौती सामने होगी। इसका असर केवल संगठन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि 2027 के विधानसभा चुनाव में टिकटों के चयन और चुनावी रणनीति पर भी दिखाई दे सकता है।
सपा के कद्दावर नेता आजम खां की राजनीतिक ताकत का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि उनकी गैरमौजूदगी में भी पार्टी के भीतर उनके राजनीतिक प्रभाव और पसंद को लेकर चर्चाएं बनी रहीं। वर्ष-2024 के लोकसभा चुनाव में रामपुर से उनकी पसंद के बजाय मोहिबुल्लाह नदवी को प्रत्याशी बनाया गया था।
मुरादाबाद में एसटी हसन की जगह रुचि वीरा को टिकट दिए जाने को भी आजम खेमे से जोड़कर देखा गया। अब उनकी वापसी के बाद इन पुराने घटनाक्रमों की राजनीतिक व्याख्या फिर शुरू हो सकती है।
पुरानी भूमिका में कैसे स्थापित होंगे आजम?
आजम खां के जेल में रहने के दौरान पश्चिमी यूपी में सपा के कई मुस्लिम नेता राजनीतिक रूप से सक्रिय हुए। मोहिबुल्लाह नदवी, एसटी हसन, जियाउर्रहमान बर्क और इकरा हसन जैसे चेहरों की अपनी राजनीतिक पहचान बनी है। अब सवाल यह है कि आजम खां इन नेताओं के बीच अपनी पुरानी भूमिका किस तरह स्थापित करेंगे। पार्टी नेतृत्व के सामने भी यह चुनौती होगी कि वरिष्ठ नेता को सम्मानजनक भूमिका देने के साथ नए चेहरों की राजनीतिक हिस्सेदारी प्रभावित न हो।
सपा के लिए दो तरफा चुनौती
राजनीति से जुड़े जानकारों की मानें तो एक ओर पार्टी को अपने भीतर पुराने और नए नेतृत्व के बीच संतुलन बनाना होगा, वहीं दूसरी ओर ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद का गठबंधन भी पश्चिमी यूपी में राजनीतिक जमीन तलाश रहा है। मुस्लिम और दलित मतदाताओं को एक साथ लाने की इस कोशिश से सपा के सामने नए समीकरण बन सकते हैं। आजम खां की सक्रियता को पार्टी अपने परंपरागत आधार से संवाद मजबूत करने के अवसर के तौर पर देख रही है।
18 नवंबर को जेल से रिहाई के बाद आजम खां ने 2027 के चुनाव को लेकर इंकलाब और सैलाब आने की बात कही थी। अखिलेश यादव ने भी उन्हें भावनात्मक एकता का प्रतीक बताते हुए उनके साथ खड़े रहने का संदेश दिया। हालांकि, आजम खां खुद चुनाव लड़ पाएंगे या नहीं, यह कानूनी परिस्थितियों पर निर्भर करेगा। पार्टी के भीतर उनकी भूमिका प्रत्याशियों के चयन और चुनावी रणनीति में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
रामपुर से बाहर भी तय होगी आजम खां की भूमिका
आजम खां की राजनीतिक पहचान रामपुर से रही है लेकिन मुरादाबाद, संभल, अमरोहा, बिजनौर, मेरठ, मुजफ्फरनगर, शामली, कैराना और बरेली, बदायूं, पीलीभीत, शाहजहांपुर में भी उनके प्रभाव की चर्चा होती रही है। अब देखना होगा कि उनकी सक्रियता इन जिलों में पार्टी के पुराने कार्यकर्ताओं और नेताओं को कितना जोड़ पाती है। उनकी भूमिका का दायरा रामपुर से बाहर कितना बढ़ता है, यह भी चुनाव से पहले महत्वपूर्ण रहेगा।
टिकटों के बंटवारे में दिख सकता है प्रभाव
आजम खां के खुद चुनाव लड़ने की राह में कानूनी अड़चनें हैं लेकिन प्रत्याशियों के चयन में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण हो सकती है। यूपी में खासतौर से पश्चिमी उत्तर प्रदेश की सीटों पर उम्मीदवारों के चयन में उनकी राय को कितना महत्व मिलता है, इस पर भी निगाह रहेगी। इससे पार्टी के भीतर पुराने और नए नेताओं के बीच राजनीतिक संतुलन की तस्वीर सामने आएगी।
ओवैसी-चंद्रशेखर का गठबंधन बढ़ाएगा चुनौती
ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद का गठबंधन मुस्लिम और दलित मतदाताओं के बीच अपनी जगह बनाने की कोशिश में है। पश्चिमी यूपी की कई सीटों पर इन दोनों वर्गों की भूमिका महत्वपूर्ण रहती है। ऐसे में सपा के लिए अपना पुराना आधार बचाने के साथ नए गठबंधन की राजनीतिक चुनौती का सामना करना भी अहम होगा।
हैदराबादी बिरयानी के जरिये ओवैसी पर निशाना साध चुके हैं आजम
जेल से रिहाई के बाद सपा नेता आजम खां ओवैसी व चंद्रशेखर के बीच हुए गठबंधन को लेकर भी अपनी राय जाहिर कर चुके हैं। हालांकि उन्होंने ओवैसी का नाम तो नहीं लिया लेकिन इशारों ही इशारों में यह जरूर कहा है कि यहां हैदराबादी बिरयानी नहीं बल्कि पुलाव चलता है। इससे ओवैसी के गठबंधन के लिए भी सपा नेता आजम खां बड़ी चुनौती साबित हो सकते हैं।
33 सीटों पर रहेगी सपा की विशेष निगाह
वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में पश्चिमी यूपी और रुहेलखंड की करीब 33 सीटों पर सपा ने जीत दर्ज की थी, जिसमें रुहेलखंड क्षेत्र की 22 और पश्चिमी यूपी की 11 सीटें शामिल रहीं। अब 2027 के चुनाव से पहले आजम खां की सक्रियता इन क्षेत्रों में पार्टी के पुराने राजनीतिक आधार और नए नेतृत्व के बीच तालमेल के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
जेल में आजम के साथ सीट बंटवारे को लेकर हो चुका मंथन
रामपुर की जेल में बंद रहने के दौरान सपा मुखिया अखिलेश यादव रामपुर पहुंचे थे, जहां अखिलेश यादव ने आजम खां के साथ सीट बंटवारे से लेकर टिकट बंटवारे तक पर करीब घंटेभर चर्चा की थी। इस बात को खुद अखिलेश यादव ने भी स्वीकार किया था। उन्होंने साफ किया था कि सीट बंटवारे व टिकट वितरण को लेकर सलाह ली गई है।