विज्ञान के इस दौरान में पुलिस अब भी टोना टोटका के चक्कर में फंसी है। यही कारण है कि पुलिस विभाग में अब भी वर्षों पुरानी प्रथा को जारी रखते हुए गुडवर्क से नए साल की शुरुआत की। थानों में पहला केस पुलिस ने गुडवर्क का दर्ज किया है। इसके पीछे पुलिस का तर्क है कि ऐसा करने से साल भर अच्छा बीतेगा।
मुरादाबाद के थानों में नए साल पर गुड वर्क यानी तमंचा, चाकू, नशीले पदार्थ, शराब की बरामदगी और आरोपियों से संबंधित केस दर्ज किए गए हैं। थानेदारों ने 31 दिसंबर को ही इसकी तैयारी कर ली थी। थानेदारों ने चौकी इंचार्ज और दरोगाओं को निर्देश दे दिया था कि वह अपने अपने क्षेत्र में अभियान चलाएं और आरोपियों पर कार्रवाई करें।
उन्हें हर बार की तरह इस बार भी डर सता रहा था कि अगर गुडवर्क का केस दर्ज नहीं किया गया तो अपराध बढ़ जाएगा और उनकी कुर्सी खतरे में पड़ सकती है।
केस एक: पाकबड़ा पुलिस ने तमंचा, कारतूस का गिरफ्तार किया आरोपी
पाकबड़ा थाने की पुलिस ने कस्बा निवासी बृजमोहन को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उससे तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं। एसआई कुलदीप सिंह तोमर ने आरोपी बृजमोहन के खिलाफ आर्म्स एक्ट में केस दर्ज कराया है। इस केस की अपराध संख्या 01/24 है यानी 2024 का पहला केस।
केस दो: सिविल लाइंस पुलिस में आर्म्स एक्ट में केस
सिविल लाइंस थाने में दरोगा प्रबोध कुमार ने पंडित नगला निवासी विपिन के खिलाफ केस दर्ज कराया है। जिसमें दरोगा की ओर से बताया गया कि आरोपी क्षेत्र में संदिग्ध हालत में घूम रहा था। उसे रोक तलाशी ली गई तो उसकी जेब से तमंचा मिला। उसे कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
केस तीन: कटघर पुलिस ने चरस साथ पकड़ा आरोपी
कटघर पुलिस ने भी गुडवर्क से नए साल की शुरुआत की। दरोगा देवेंद्र कुमार ने कटघर के भोला नाथ कॉलोनी निवासी राज कुमार के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज कराया है। जिसमें उन्होंने बताया कि आरोपी को मछली बाजार के पास से गिरफ्तार किया है। उससे चरस बरामद हुई है।
कच्ची शराब की तस्करी में गिरफ्तार
मुगलपुरा थाने में हेड कांस्टेबल दिनेश कुमार सिंह ने पीर गैब निवासी अदनान के खिलाफ केस दर्ज कराया है। जिसमें हेड कांस्टेबल ने बताया कि अदनान से 10 लीटर कच्ची शराब बरामद हुई है। आरोपी कच्ची शराब की तस्करी करता है। मुगलपुरा थाने में दर्ज किए गए केस केस को भी अपराध संख्या 01/24 दिया गया है।