अमरोहा में आला हजरत एक्सप्रेस में गैस सिलिंडर लीक होने से धमाका हो गया। इससे यात्रियों में भगदड़ मच गई। इस दौरान कई यात्री चोटिल हो गए। स्टेशन पर पहुंचते ही यात्री चिल्लाते हुए ट्रेन से कूद गए।
आला हजरत एक्सप्रेस (14312) के अमरोहा रेलवे स्टेशन पर पहुंचते ही गैस सिलिंडर के लीक होने से यात्रियों में भगदड़ मच गई। कई यात्री मामूली रूप से चोटिल हो गए। जीआरपी और आरपीएफ ने जांच पड़ताल की। दोनों टीमों ने गैस सिलिंडर को कब्जे में ले लिया।
विज्ञापन
मामले में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। गनीमत रही बड़ा हादसा बच गया। फिलहाल रेलवे पुलिस उस व्यक्ति का पता लग रही है जो ट्रेन में गैस सिलिंडर लेकर जा रहा था।
बुधवार शाम करीब साढ़े पांच बजे आला हजरत एक्सप्रेस ट्रेन दिल्ली से मुरादाबाद की तरफ जा रही थी। ट्रेन के जरनल कोच में सवार एक अज्ञात यात्री पांच किलो वाला पेट्रोमैक्स गैस सिलिंडर लेकर कहीं जा रहा था। यह सिलिंडर बर्तनों के कट्टे में रखा था।
विज्ञापन
यात्रियों के मुताबिक जैसे ही ट्रेन अमरोहा रेलवे स्टेशन के पास पहुंची तभी अचानक सिलिंडर से गैस रिसाव होने लगा। इस दौरान एक धमाका भी हुआ। अचानक धमाके के साथ गैस रिसाव को देखकर ट्रेन में सवार यात्रियों में भगदड़ मच गई।
ट्रेन में सवार यात्रियों को सकुशल उतारा
यात्रियों के शोर मचाने पर ट्रेन के गार्ड हेतराम आजाद ने मामले की जानकारी जीआरपी और आरपीएफ को दी। रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के पहुंचते ही यहां पहले से मौजूद दोनों टीम जांच में जुट गईं। ट्रेन में सवार यात्रियों को सकुशल उतारा गया।
घटना के बाद जो यात्री सिलिंडर लेकर जा रहा था यात्री गायब हो गया। जांच के बाद रेलवे पुलिस ने गैस सिलिंडर को कब्जे में ले लिया। सुरक्षा के लिहाज से ट्रेन को करीब 25 मिनट तक रेलवे स्टेशन पर रोका गया।
- गैस सिलिंडर लेकर जा रहे अज्ञात यात्री के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। गैस सिलिंडर लेकर जाने वाले अज्ञात यात्री की पहचान कर जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। - विरेंद्र मीणा, आरपीएफ चौकी इंचार्ज
ट्रेन के स्टेशन पर रुकते ही चिल्लाते हुए कूदने लगे यात्री
ट्रेन के जनरल कोच में कट्टे में रखे गैस सिलिंडर में जैसे ही धमाके के साथ गैस लीक हुई तो यात्री सहम गए। कोच में सवार लोगों में चीखपुकार मच गई। साथ ही कोच से बाहर निकलने के लिए अफरा-तफरी मच गई। आला हजरत एक्सप्रेस ट्रेन जैसे ही अमरोहा स्टेशन पर पहुंची तो यात्रियों एक-दूसरे को धक्का मारते हुए कोच से बाहर कूदने लगे।
इसे बीच हुई धक्का-मुक्की में कई यात्रियों को चोट भी आई है। उधर, ट्रेन में सिलिंडर के लीक होने की खबर से स्टेशन में भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कुछ ही देर में आरपीएफ और रेलवे पुलिस के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने एक कट्टे में रखे सिलिंडर को बाहर निकाला। हालांकि, जिस समय सिलिंडर को ट्रेन से बाहर निकल गया उस समय उससे गैस लीक नहीं हो रही थी।
प्लेटफार्म नंबर एक पर पहुंची थी ट्रेन : दिल्ली से मुरादाबाद की तरफ जा रही आला हजरत एक्सप्रेस ट्रेन प्लेटफार्म नंबर एक पर पहुंची थी। इस दौरान यहां बड़ी संख्या में यात्री उतरे ,साथ ही कई यात्री उसमें सवार भी हुए लेकिन अचानक आरपीएफ और रेलवे पुलिस की सतर्कता को देखकर हर कोई हैरत में पड़ गया। हर कोई विस्फोटक पदार्थ होने की आशंका को लेकर घबरा रहा था। हालांकि की बाद में रेलवे पुलिस और आरपीएफ कर्मियों ने यात्रियों को समझने के बाद ट्रेन में बैठाकर रवाना कर दिया।
ट्रेन में सिलिंडर लेकर चढ़ने वाले की तलाश
रेलवे अधिकारी ट्रेन में सिलिंडर लेकर चढ़ने वाले की तलाश कर रही है। हालांकि, ट्रेन में गैस का सिलिंडर लेकर चढ़ने वाला कौन है और वह कहां से ट्रेन में चढ़ा था। अभी तक इस बारे में कुछ भी पता नहीं चल पाया है।
खुफिया टीम भी पहुंची
आला हजरत एक्सप्रेस ट्रेन में धमाके के साथ गैस लीक की जानकारी मिलते ही अमरोहा का खुफिया तंत्र भी सतर्क हो गया। तुरंत ही एलआईयू व इंटेलिजेंस कर्मी मौके पर पहुंच गए और पूरे मामले की जानकारी जुटाई। इसके बाद मामले की जानकारी उच्चधिकारियों को दी गई।