जनपद में अब तक की सबसे बड़ी साइबर ठगी
साइबर अपराधी नए-नए तरीके से मुरादाबाद के लोगों को चूना लगा रहे हैं। हर साल करोड़ों रुपये अपने खातों में ट्रांसफर करा लेते हैं। मंगलवार को मुरादाबाद में अब तक साइबर ठगी की सबसे बड़ी घटना सामने आई है।
साइबर ठगी का शिकार हुआ रेलकर्मी एक करोड़ 27 लाख रुपये गंवा चुका है। कुछ दिन पहले एडीओ पंचायत ने भी साइबर ठगों के जाल में फंस कर करीब 48 लाख रुपये गंवा दिए थे।
मुनाफा दिखाते रहे और रकम लगवाते रहे साइबर ठग
आरोपी युवती और उसके साथियों ने रेलकर्मी को एक ग्रुप से जोड़ लिया था, जिसमें रकम निवेश और मुनाफा भी शो आ रहा था। गिरीश लाल रकम निवेश करते थे तो उनके खाते में मुनाफा लगातार दिख रहा था।
जिस कारण वे लालच में आकर रकम लगाते रहे। इसके बाद ठगों ने उन्हें बताया कि बड़ी रकम लगाने पर मुनाफा भी बड़ा हो गया। इसी लालच में आकर पीड़ित ने रकम लगा दी।
जमापूंजी गंवाई, लोन की रकम भी ट्रांसफर कर दी
साइबर ठगी का शिकार हुए गिरीश लाल बहुत परेशान हैं। उनका कहना है कि उन्होंने अपने, अपनी पत्नी और बेटी के अलावा भाई के खाते से भी रकम ट्रांसफर की है। साइबर ठगों ने 25 जून से लेकर 31 जुलाई 2024 के बीच रकम ट्रांसफर कराई है।
पीड़ित ने बताया कि उसने अपनी जमा पूंजी के अलावा बैंक से लोन लेने के बाद भी साइबर ठगों के बताए खातों में रकम ट्रांसफर की। आरोपियों ने पीड़ित से मंगलम फर्नीचर, मनीषा ग्लोबल इंटरप्राइजेज, केएम इंटरनेशनल ओवरसीज, मंगलम फर्नीचर, करपका विनेगर, इंटरप्राइजेज, जय माता दी प्रोविजन स्टोर, न्यू इंडिया इरेक्शन सर्विसेस, नाथ सिटी सर्विसेस समेत अन्य खातों में रकम ट्रांसफर कराई है।