अत्यधिक रक्तस्त्राव सबसे ज्यादा मौतों का कारण
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों में अमरोहा, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर और संभल जिलों में मातृ मृत्यु के प्रमुख कारण सामने आए हैं। इनमें सबसे बड़ा कारण प्रसव के बाद अत्यधिक रक्तस्राव (पीपीएच) रहा है। मुरादाबाद जिले में 26 मातृ मौतों में से पीपीएच के 13 मामले सामने आए।
जबकि हार्ट अटैक, कार्डियक अरेस्ट, हाइपरटेंशन और एक्लेम्पसिया जैसे कारणों से भी महिलाओं ने जान गंवाई। रामपुर जिले में भी पीपीएच सबसे बड़ा कारण रहा। इसके अलावा एपीएच, कार्डियक अरेस्ट, कार्डियोजेनिक शॉक, हाइपरटेंशन, सेप्टिक शॉक और गंभीर एनीमिया मौत की वजह बने।
बिजनौर के मामलों में पीपीएच, एपीएच, हार्ट अटैक, हाई फीवर, हाइपरटेंशन और ब्रेन कैंसर जैसे कारण शामिल हैं। अमरोहा में पीपीएच के अलावा हार्ट अटैक, सेप्सिस, सेप्टीसीमिया और अन्य कारण पाए गए। संभल में पीपीएच के पांच, किडनी फेल्योर के दो, हाइपोवोलीमिया, लीवर सिरोसिस के साथ एनीमिया, एक्यूट रीनल फेल्योर, प्रसव में रुकावट और सेप्सिस का एक-एक कारण सामने आया।
प्रदेश के ग्राफ की तुलना में मातृ मृत्यु के मामले मुरादाबाद में काफी कम हैं। हमारे जिले की स्थिति इस मामले में ठीक है। हमारी कोशिश है कि जो मामले सामने आए हैं, उनमें भी लगातार कमी लाई जाए। - डॉ. संजीव बेलवाल, डिप्टी सीएमओ