रामपुर में एसपी से लेकर आला अधिकारी चेकिंग पर उतरे
दिल्ली में बम विस्फोट के बाद आठ लागों की मौत हो गई है। इसके बाद पूरे देश में रेड अलर्ट जारी कर दिया है। जिले में एसपी विद्यासागर मिश्र सहित तमाम अधिकारियों ने शहर में मार्च पास्ट निकाला। रेलवे स्टेशन, बस अड्डे और सीआरपीएफ क्षेत्र में विशेष चेकिंग अभियान चलाया।
मंगलवार देर रात एसपी विद्यासागर मिश्र, एएसपी अनुराग सिंह सहित जिले के पुलिस फोर्स ने संवेदनशील क्षेत्रों में मार्चपास्ट किया। तहसील क्षेत्रों में सीओ के नेतृत्व में चेकिंग अभियान चलाया गया। जिले के बार्डर और उत्तराखंड से लगी सीमाओं पर विशेष चेकिंग अभियान चला।
पुलिस कर्मी देर रात तक रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन में चेकिंग करते देखे गए। एसपी विद्यासागर मिश्र ने बताया कि फोर्स को चेकिंग अभियान चलाने और संदिग्धों की सूचना तुरंत देने को कहा गया है। बम निरोधी दस्ते, खोजी कुत्तों की मदद से भी जिले में अभियान चलाया जा रहा है।
अमरोहा में हाई अलर्ट, होटल-ढाबों पर संदिग्धों से की पूछताछ
दिल्ली में लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास कार धमाके के बाद अमरोहा में भी हाई अलर्ट जारी किया गया है। एसपी अमित कुमार आनंद, एएसपी अखिलेश भदौरिया ने शहर में चेकिंग की। साथ ही एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को संदिग्धों की चेकिंग करने के निर्देश दिए।
इसके बाद पुलिस ने जगह-जगह होटल-ढाबों की चेकिंग की। संदिग्धों से पूछताछ की गई। इसके अलावा रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म पर जीआरपी और आरपीएफ टीम भी चेकिंग अभियान चलाया। रात भर पुलिस की टीमें सड़कों पर रहीं और वाहनों की चेकिंग की गई।
रविवार देर शाम धमाके का वायरलैस सेट पर संदेश फ्लैश होते ही सर्किल सीओ और थाना प्रभारी हरकत में आ गए। आननफानन में सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों को दौड़ा दिया गया। संवेदनशील इलाकों के साथ ही प्रमुख धर्म स्थलों, सार्वजनिक स्थानों के अलावा रेलवे स्टेशन, रोडवेज डिपो तक निगरानी बढ़ा दी गई।
हाईवे पर एकाएक ही पुलिस टीमों की सक्रियता तेज हो गई। जिले की सरहदों के साथ ही टोल प्लाजा पर वाहनों को रोककर सघन चेकिंग की गई। गजरौला के औद्योगिक इलाकों में विशेष सतर्कता बरती गई।