मुरादाबाद मंडल में मंगलवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ली और झमाझम बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी से राहत दिला दी। सुबह तेज हवाओं के साथ शुरू हुई बारिश ने पूरे मंडल का मौसम बदल दिया। मुरादाबाद, रामपुर, अमरोहा, संभल और चंदौसी में जमकर बारिश हुई।
कई जगहों पर आसमान में घने काले बादल छाने से दिन में ही अंधेरे जैसा माहौल बन गया। मुरादाबाद में सुबह अचानक मौसम बदला और तेज हवा चलने लगी। इसके बाद झमाझम बारिश शुरू हो गई। बारिश के चलते हाईवे पर वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई और कई स्थानों पर लोग बारिश से बचने के लिए दुकानों के नीचे खड़े नजर आए।
रामपुर में सुबह से उमस भरी गर्मी के कारण लोग परेशान थे, लेकिन कुछ ही देर में आसमान पर काले बादल छा गए। तेज हवाओं और बादलों की गड़गड़ाहट के बीच शुरू हुई बारिश से मौसम सुहाना हो गया। बारिश इतनी तेज रही कि दिन में अंधेरा जैसा माहौल बन गया और वाहन चालकों को लाइट जलाकर सफर करना पड़ा।
तेज बारिश के कारण शहर के कई निचले इलाकों और सड़कों पर जलभराव हो गया। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कुछ स्थानों पर जाम जैसी स्थिति भी बनी रही। हालांकि लंबे समय से गर्मी से परेशान लोगों ने बारिश का स्वागत किया।
अमरोहा में भी मंगलवार सुबह मौसम पूरी तरह बदला नजर आया। मंडी धनौरा क्षेत्र में सुबह करीब नौ बजे तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। आसमान में घने काले बादल छाने से दिन में ही रात जैसा माहौल बन गया।
संभल और चंदौसी में भी जमकर बारिश हुई। बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों ने राहत महसूस की। बच्चों और युवाओं ने बारिश का आनंद लेते हुए मौसम का भरपूर लुत्फ उठाया। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक मौसम में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है और कहीं-कहीं हल्की बारिश की संभावना भी है।