कांठ रोड पर वर्षों से चले आ रहे अतिक्रमण पर प्रशासन का बुलडोजर गरजा। लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) ने नगर निगम और जिला प्रशासन के सहयोग से नाले व सड़क की भूमि पर हुए कब्जों को हटाने के लिए अभियान चलाया। इस दौरान नाले पर बनी मजार भी हटाई गई।
सोमवार को चार बुलडोजरों के साथ विभागीय टीम मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू कर दी। अभियान को लेकर पहले से व्यापक तैयारियां की गई थीं। किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से बचने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी लगातार कार्रवाई की निगरानी करते रहे।
मुरादाबाद में मजार की ध्वस्त
- फोटो : संवाद
लोनिवि अधिकारियों के अनुसार मजार का निर्माण नाले की भूमि पर किया गया था। इसे हटाने से पहले मजार के मुतवल्ली को दो दिन पूर्व नोटिस जारी कर दिया गया था। नोटिस के बाद सोमवार को नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई गई। पूर्व सूचना दिए जाने के कारण मौके पर किसी प्रकार का विरोध या हंगामा नहीं हुआ।
अभियान के दौरान कांठ रोड पर कई दुकानों के बाहर किए गए अतिक्रमण भी हटाए गए। इसके बाद टीम हरथला की ओर बढ़ी। वहां भी नाले पर किए गए कब्जों को हटाया गया। अधिकारियों का कहना है कि शासन के निर्देश पर सड़क, नाले और सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने का अभियान लगातार जारी रहेगा।
एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि लोनिवि और नगर निगम की टीम को कार्रवाई में पुलिस का पूरा सहयोग दिया गया। मुख्य अभियंता कमला शंकर चौधरी ने कहा कि सरकारी भूमि और नालों पर हुए अतिक्रमण को हटाने के लिए आगे भी अभियान जारी रहेगा।