फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UP: मुरादाबाद के निर्यात फर्म में कर्मचारी की हत्या, पांच घंटे तक हंगामा, मालिक- बेटे और मैनेजर पर केस

Mon, 07 Apr 2025 11:12 PM IST
विमल शर्मा अमर उजाला ब्यूरो, मुरादाबाद

सार

कटघर थाना क्षेत्र की एक निर्यात फर्म में कर्मचारी की जहर देकर हत्या कर दी गई। इसकी जानकारी के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने हंगामा काटा। परिजनों की तहरीर पर फर्म मालिक, उसके बेटे और मैनेजर पर हत्या का केस दर्ज हुआ है।
विज्ञापन
हत्या के बाद जांच करती पुलिस - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

कटघर थाना क्षेत्र में गोट रोड स्थित आरएच इंटरनेशनल निर्यात फर्म में सोमवार सुबह कर्मचारी दीपक सिंह (27) की जहर देकर हत्या कर दी गई। जानकारी मिलने पर परिजन, ग्रामीण और कई संगठनों के पदाधिकारी पहुंच गए और हत्या का आरोप लगाते हुए पांच घंटे तक हंगामा किया।

विज्ञापन


बाद में पुलिस ने फर्म मालिक तस्लीम हुसैन, उनके बेटे अब्दुल्ला आलम और मैनेजर मंजर आलम के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी जहर से मौत की पुष्टि हुई है। मूंढापांडे के भदासना निवासी दीपक सिंह करीब चार साल से आरएच इंटरनेशनल फर्म में स्टोर रूम में कार्यरत थे।

दीपक की पत्नी शीतल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि फर्म मालिक, उसके बेटे व मैनेजर ने उसे नाैकरी से निकालने की धमकी दी थी। करीब दस दिन पहले तीनों ने दीपक के साथ गाली-गलौज की थी।
विज्ञापन


शीतल ने कहा कि पति ने कई बार घर आकर कहा था कि फर्म में उसका मानसिक उत्पीड़न किया जा रहा है। यह लोग मेरी हत्या कर सकते हैं। शीतल ने नौकरी छोड़ने के लिए कहा तो दीपक ने कहा था कि आज अपना वेतन लेकर आ जाऊंगा।

आरोप है कि सोमवार सुबह करीब नौ बजे दीपक फर्म में पहुंचा। स्टोर रूम में जहां सीसीटीवी कैमरे की रेंज नहीं है, उस स्थान पर तस्लीम हुसैन, मंजर आलम, अब्दुल्ला आलम और एक अज्ञात व्यक्ति ने दीपक की जबरन जहर पिलाकर हत्या कर दी।

आरोपियों ने माैत होने तक दीपक को फर्म में ही रखा। इसके बाद अस्पताल भिजवा दिया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जानकारी मिलने पर परिजन पहले अस्पताल और फिर शव लेकर फैक्टरी पहुंच गए।

इसके बाद अन्य ग्रामीण आ गए और हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर सीओ कटघर आशीष कुमार सिंह और थाना प्रभारी संजय कुमार मौके पर पहुंच गए और लोगों को समझाकर शांत कराया।

करीब पांच घंटे तक चले हंगामे के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी जहर से माैत की पुष्टि हुई। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर हत्या का केस दर्ज किया गया है। विवेचना में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें