मुरादाबाद। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल की परीक्षा में शनिवार को गणित के प्रश्नपत्र में पूछे गए एक सवाल ने विद्यार्थियों काे उलझा दिया। विद्यार्थी समझ नहीं पा रहे थे कि सवाल को हल करने के बाद जो उत्तर आ रहा है वह सही है या नहीं। विद्यार्थी इसलिए ज्यादा चिंतित थे, क्योंकि सवाल छह अंक का था। कई विद्यार्थियों ने कहा कि सवाल को हल करने में काफी समय लग गया, फिर भी सही उत्तर नहीं मिला। परीक्षा के बाद शिक्षकों ने सवाल त्रुटिपूर्ण होने की पुष्टि की।
यूपी बोर्ड की परीक्षाओं के तहत शनिवार को हाईस्कूल का गणित विषय का पेपर था। परीक्षा निर्धारित समय पर शुरू हुई। विद्यार्थियों ने जब प्रश्नपत्र हल करना शुरू किया तो 822सीए कोड के प्रश्नपत्र में सेक्शन बी के तीसरे सवाल पर वह अटक गए। सवाल था कि किसी समांतर श्रेणी का प्रथम पद पांच, अंतिम पद 64 और सभी पदों का योगफल 400 है। पदों की संख्या एवं सार्व अंतर ज्ञात कीजिए।
बुध बाजार निवासी एक विद्यार्थी के अभिभावक विशाल गुप्ता ने बताया कि इस प्रकार के सवाल में पदों की संख्या होल नंबर में आती है लेकिन इस सवाल का उत्तर फ्रैक्शन में आ रहा था। हल करने पर इस सवाल का उत्तर 800/69 आया, जो होल नंबर नहीं है। राजकीय इंटर कॉलेज के शिक्षक ने भी इस त्रुटि की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि सवाल में त्रुटि है, क्योंकि पदों की संख्या हमेशा होल नंबर में ही होती है। एक निजी प्रकाशक की किताब में यह सवाल दिया गया है। ऐसे में यदि विद्यार्थियों ने फॉर्मूला लिखा होगा तो परीक्षक कुछ अंक दे सकते हैं।
सवाल के संबंध में यदि कोई आपत्ति आएगी तो बोर्ड को इसकी जानकारी दे दी जाएगी। किसी भी तरह की गलतियों में बोर्ड द्वारा ही फैसला लिया जाता है। - देवेंद्र कुमार पांडेय, जिला विद्यालय निरीक्षक